Haryana

नारनौल में पालिका कर्मचारियों ने झाडू और काले झंडे लेकर किया प्रदर्शन

पालिका कर्मचारी झाडू और काले झंडे लेकर प्रदर्शन करते हुए।

नारनाैल, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने अपनी मांगों को लेकर नारनौल में अपना रोष प्रकट किया। कर्मचारियों द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को शहर में झाड़ू व काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने महावीर चौक पर सरकार का पुतला जलाकर अपना रोष व्यक्त किया।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के नेता महेंद्र सिंह व महावीर वाल्मीकि ने बताया कि 27 जुलाई 2023 को नो वर्क नो पे का पत्र जारी किया गया था, जो कर्मचारी विरोधी है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों की ओर ध्यान नहीं दे रही है। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा मांग करता है कि कर्मचारी विरोधी उत्पीड़न आत्मक कार्रवाई के पात्रों को वापस ले तथा 311 ऐप को बंद किया जाए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम में छंटनी किए गए 3460 कर्मचारियों को बहाल करवाने व मुख्य सचिव द्वारा 30 जून 2022 की अधिसूचना के अनुसार हरियाणा कौशल रोजगार निगम में शामिल करवाने की मांग को लेकर आंदोलन किया गया। आंदोलन के दौरान 26 सफाई कर्मचारी नेताओं को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया और अभी तक उनको बहाल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह रवैया सफाई कर्मचारी विरोधी एवं दलित विरोधी है। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा मांग करता है कि तुरंत प्रभाव से 26 सफाई कर्मचारी नेताओं को बहाल किया जाए तथा 3480 सफाई कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम में शामिल किया जाए हड़ताल में शामिल सभी कर्मचारियों का वेतन दिया जाए तथा चार्ज शीट, झूठे मुद्दे और उत्पीड़न की कार्रवाई को वापस लिया जाए। इस मौके पर अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला शर्मा

Most Popular

To Top