Haryana

नारनौलः सरकार बड़े स्तर पर भर्ती अभियान चलाकर पूरा करेगी बैकलॉगः गंगवा

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणवीर सिंह गंगवा।

नारनाैल, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह आगामी 16 जुलाई को हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ में होने वाले बीसी सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सहित राज्य के कई मंत्री, सांसद व विधायक मौजूद रहेंगे। डिप्टी स्पीकर शुक्रवार को हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में कार्यक्रम स्थल का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।इस मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा भी मौजूद थे।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में चल रही केंद्र व राज्य सरकार ने हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। कांग्रेस सरकार में पिछड़ा वर्ग के साथ बहुत बड़ा भेदभाव हुआ था। प्रदेश में जब से बीजेपी की सरकार बनी है तब से पिछड़ा वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई है। उन्होंने कहा कि इस समारोह में प्रदेश के हर गांव व हलके से भारी संख्या में बीसी समाज के लोग शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बीसी वर्ग में क्रीमी लेयर 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख करके इस वर्ग को बहुत बड़ी राहत दी है। इसमें सैलरी तथा कृषि की आय भी नहीं जोड़ी जाएगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार बड़े स्तर पर भर्ती अभियान शुरू करके अब बैकलॉग को पूरा करने का कार्य करेगी। सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से होने वाली भर्तियों में 27 फीसदी आरक्षण पिछड़ा वर्ग के लिए संरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पिछड़ा वर्ग को राजनीति में बड़ी भागीदारी मिली है। यह वर्ग देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह का हमेशा आभारी रहेगा। इस मौके पर उपायुक्त मोनिका गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा, बीजेपी जिला प्रधान दयाराम यादव, महामंत्री अमित मिश्रा सहित अनेक अधिकारी भी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला शर्मा

Most Popular

To Top