Madhya Pradesh

भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में हर्षोल्लास से मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस, राज्यपाल ने ली परेड की सलामी

आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

भोपाल, 26 जनवरी (Udaipur Kiran) । राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में रविवार को देश का 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। राज्यपाल पटेल ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। आकाश में गुब्बारे छोड़े और परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परम्परागत लोकनृत्यों और झांकियों की प्रस्तुति का अवलोकन किया। परेड कमांडरों के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। समारोह में सांसद वीडी शर्मा, मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

राज्यपाल पटेल ने 76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्र ध्वज फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद परेड कमांडर करणदीप सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट किया गया। टूआईसी अतुल कुमार सोनी के नेतृत्व में परेड में विभिन्न बलों की 20 टुकड़ियां शामिल थीं। परेड में शामिल कंटीजेंट नम्बर-1 केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल का नेतृत्व निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह ने किया। कंटीजेंट नम्बर-2 केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, कंटीजेंट नम्बर-3 छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, कंटीजेंट नम्बर-4 मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल (1), कंटीजेंट नम्बर-5 स्पेशल टास्क फोर्स, कंटीजेंट नम्बर-6 विशेष सशस्त्र बल और जिला पुलिस बल (महिला), कंटीजेंट नम्बर-7 जिला पुलिस बल (पुरूष), कंटीजेंट नम्बर-8 जेल विभाग (महिला), कंटीजेंट नम्बर-9 मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल (2), कटीजेंट नम्बर-10 मध्य प्रदेश होमगार्ड, कंटीजेंट नम्बर-11 भूतपूर्व सैनिक, कंटीजेंट नम्बर-12 एनसीसी सीनियर डिविजन, एयरविंग और नेवल विंग, बॉयस मिश्रित प्लाटून, कंटीजेंट नम्बर-13 एनसीसी सीनियर विंग, एयर विंग और नेवल विंग गर्ल्स मिश्रित प्लाटून, कंटीजेंट नम्बर-14 स्काउड गाइड बॉयस, कंटीजेंट नम्बर-15 गर्ल्स गाइड छात्रा, कंटीजेंट नम्बर-16 पुलिस बॉयस, कंटीजेंट नम्बर-17 शौर्य दल, कंटीजेंट नम्बर-18 पुलिस बैंड, कंटीजेंट नम्बर-19 श्वान दल और कंटीजेंट नम्बर-20 अश्वरोही दल के रूप में शामिल था। इन 20 दलों ने देशभक्ति की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। परेड के बाद आकाश में तिरंगे के रूप में गुब्बारे छोड़े गये।

समारोह में ग्रांउड पर हुई आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

समारोह में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। अशासकीय सेंट पॉल को-एड हायर सेकण्ड्री स्कूल आनंद नगर के बच्चों ने देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में 180 छात्र-छात्राएं शामिल थे। कार्यक्रम के जरिये बताया गया कि देशभक्ति का जज्बा हर एक दिल में उमंग भर देता है और वतन की मिट्टी से जुड़ने का एहसास कराता है। अशासकीय हेमा हायर सेकण्ड्री स्कूल गोविंदपुरा भेल के छात्र-छात्राओं ने भारतीय कला, संस्कृति और विरासत पर केन्द्रित प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में बताया गया कि भारतीय संस्कृति का ऐश्वर्य इतना महान है कि सारा संसार हमारी संस्कृति के समक्ष नत-मस्तक है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मिसरोद, शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवाजी नगर और सीएम राइज स्कूल महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ा के विद्यार्थियों ने रक्षमाम्-धरती की पुकार शीर्षक से प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में 70 विद्यार्थी शामिल थे। पर्यावरण संरक्षण और धरती को प्रदूषण रहित बनाये रखने का संदेश दिया गया। भरत नाट्यम नृत्य में आधुनिक फ्यूजन संगीत का प्रयोग किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की तर्ज पर अशासकीय होली फेमिली हायर सैकेण्डरी कान्वेंट स्कूल गांधीनगर के नन्हे बच्चों ने प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में बताया गया कि देश की विभिन्न भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं रहने के बावजूद सभी एक सूत्र में बंधे हुए हैं। इन सभी का समावेश करते हुए प्रस्तुतियां दी गई।

जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुतियां

राज्य स्तरीय समारोह में जनजातीय संस्कृति पर केन्द्रित गोण्ड ठाच्या की प्रस्तुति हुई। यह नृत्य जनजातीय समुदाय में दीपावली के बाद किया जाता है। लोक कलाकारों ने बांसुरी की मधुर धुन और हाथ, पैर एवं कमर का सुंदर संयोजन कर विविध मुद्राओं से नृत्य को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम में कोरकू जनजाति के गदली-थापटी नृत्य की प्रस्तुति दी गई। लोक कलाकरों ने ठोलक की लय-ताल पर हाथों और पैरों की विभिन्न मुद़ाएं बनाते हुए गोल घेरे में कोरकू नृत्य प्रस्तुत किया।

आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन

गणतंत्र दिवस समारोह में झांकियों के माध्यम से प्रदेश की प्रगति, सुशासन जनभागीदारी से समग्र विकास को प्रदर्शित किया गया। 20 शासकीय विभागों की झांकियों को प्रदर्शन किया गया। उद्यानिकी विभाग की झांकी में उद्यानिकी फसलों से किसानों की बढ़ती आय को दर्शाया गया। प्रदेश में उद्यानिकी मंडियों का संचालन और वर्तमान में 15 उद्यानिकी फसलों का जीआई पंजीयन को प्रदर्शित किया गया। आयुष विभाग की झांकी में आयुष हेल्थ-वेलनेस सेंटर, समुद्र मंथन से आयुर्वेद ज्ञान की प्राप्ति और प्रदेश में अत्याधुनिक आयुर्वेद अस्पतालों के संचालन को प्रदर्शित किया गया। उद्योग विभाग की झांकी में बुधनी के लकड़ी के खिलौने, इन्वेस्टर्स मीट और बुरहानपुर के पावर लूम को दिखाया गया। किसान कल्याण तथा कृषि विभाग की झांकी में दलहन-तिलहन के बढ़ते उत्पादन, रानी दुर्गावती श्रीअन्न योजना से कोदों, कुटकी, रागी, ज्वार, बाजरा के बढ़ते उत्पादन को दिखाया गया। कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की झांकी में खादी कपड़े की बुनाई और वस्त्र निर्माण करने की कला, रेशमी वस्त्र कला और माटीकला के पारंपरिक साधनों को विकसित करते हुए इलेक्ट्रिक चरखों से रंगीन कपड़ा बनाने की प्रक्रिया को दिखाया गया। खेल और युवा कल्याण विभाग की झांकी में प्रदेश के 11 खेल अकादमियों के संचालन, खेलेगा इंडिया तभी तो बढ़ेगा इंडिया की गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। प्रदेश की झाँकी में पेरिस ओलंपिक, पैरालम्पिक में 6 खिलाड़ियों द्वारा 3 काँस्य पदक अर्जित करने की उपलब्धि को प्रदर्शित किया गया।

गृह विभाग की झांकी में पुलिस बैंड की प्रभावी प्रस्तुति को दिखाया गया। प्रदेश में व्यापक रूप में पुलिस बैंड यूनिट का विस्तार किया जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पुलिस द्वारा जनजातीय समुदाय के लिये चलाये जा रहे जनमैत्री अभियान को दर्शाया गया। जनजातीय कार्य विभाग की झांकी में भीली जनजातीय गोण्ड चित्रांकन के कलाकारों के लिये डिजिटल प्लेटफार्म, जनजातीय क्षेत्रों में सामुदायिक रेडियो का संचालन और जनजातीय न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) को दर्शाया गया। जेल विभाग की झांकी में बंदियों को रचनात्मक कार्यों से जोड़ने और प्रशिक्षण की गतिविधियों को दर्शाया गया। तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की झांकी में इलेक्ट्रिक लूम, आधुनिक सोलर ऊर्जा के नये-नये प्रयोग, आईटीआई प्रशिक्षण केन्द्र की गतिविधियों को दर्शाया गया। नगरीय विकास एवं आवास विभाग की झांकी में उज्जैन के महाकाल लोक का निर्माण एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक लोकों के निर्माण को दर्शाया गया। पर्यटन विभाग की झांकी में ओरछा का ऐतिहासिक समूह नामांकन दस्तावेज और पर्यटन की गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, वन विभाग, सहकारिता विभाग और संस्कृति विभाग की झांकी में इन क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

पुरस्कार

राज्य स्तरीय समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहला पुरस्कार रक्षमाम्, द्वितीय पुरस्कार हेमा हायर सेकण्ड्री स्कूल के भारत की संस्कृति गाथा और तृतीय पुरस्कार अशासकीय सेंट पॉल को-एड के सामूहिक नृत्य प्रस्तुति ‘देशभक्ति जज्बा’ को दिया गया। प्रस्तुत झांकियों में प्रथम स्थान संस्कृति विभाग, द्वितीय वन विभाग और तृतीय पुरस्कार जनजातीय कार्य विभाग को दिया गया।

परेड

परेड में सैन्य दल में प्रथम केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, द्वितीय स्पेशल टास्क फोर्स, तृतीय केन्द्रीय रिजर्व पुलिस को दिया गया। असैन्य दल में प्रथम भूतपूर्व सैनिक, द्वितीय एनसीसी सीनियर बॉयस और तृतीय एनसीसी सीनियर गर्ल्स को दिया गया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top