
रांची, 14 मई (Udaipur Kiran) ।
झामुमो के महासचिव सुप्रियो भटटाचार्य ने कहा है कि केंद्र सरकार जल जीवन मिशन योजना की बकाया 6270 करोड 30 लाख रुपए झारखंड को नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने कहा था कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए वह झारखंड को 2114 करोड 16 लाख देगा, लेकिन महज 70 करोड रुपये ही दिया। अब ऐसा नहीं चलेगा। झारखंड अपने पैसे की पाई-पाई केंद्र सरकार से लेगा। सुप्रियो भटटाचार्य बुधवार को झामुमो के हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्त्ता को संबोधित कर रहे थे।
आंदोलन की राह पकडेगा झामुमो
उन्होंने कहा कि केंद्र पर बकाया राशि के लिए झामुमो आंदोलन की राह पकडेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र उत्तर प्रदेश और बिहार को सरप्लस पैसे दे रहा है, जबकि झारखंड और पश्चिम बंगाल के साथ सौतेला व्यतवहार अपना रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र को जब पैसे नहीं देना था तो योजनाएं क्यों शुरू की थी।
सुप्रियो ने बताया कि इस योजना के तहत राज्य सरकार ने 55 प्रतिशत घरों तक पानी पहुंचा दिया है, लेकिन राशि के अभाव में काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा जल जीवन मिशन योजना के तहत झारखंड का केंद्र सरकार पर 6270 करोड 30 लाख रुपए बकाया है। उन्होंने कहा कि हमारे मंत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को कई बार पत्र लिखकर पैसे जारी करने का आग्रह किया, लेकिन पैसा नहीं भेजा गया।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
