– विधानसभा में इनेलो विधायक के सवाल पर सरकार ने जारी की रिपोर्ट
चंडीगढ़, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । हरियाणा में 27 लाख से अधिक किसानाें की तरफ साठ हजार कराेड़ रुपये कर्ज है। सरकार ने बुधवार को विधानसभा में बजट सत्र के दौरान यह रिपोर्ट जारी की है। इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने हरियाणा सरकार से पूछा कि वर्तमान में राज्य के किसानों पर कितना कर्ज बकाया है। इसके अलावा दस वर्षों के दौरान सरकार द्वारा किसानों को कर्ज से उबारने के लिए क्या प्रयास किए गए हैं।
इसके जवाब में सरकार ने रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में 31 दिसंबर 2024 तक 27 लाख 71 हजार 676 किसानों की तरफ से 60 हजार 60 करोड़ बकाया है। प्रदेश में कर्जदार किसानों की सबसे अधिक संख्या तो हिसार में है लेकिन बकाया राशि के मामले में सिरसा जिले के किसान सबसे आगे हैं। प्रदेश में सबसे अधिक सिरसा के किसान कर्जदार हैं, 207517 किसानों की ओर 6102 करोड़ रुपये का ऋण बकाया है।
डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि यह राशि किसानों को बैंकों को अदा करनी है। किसान पहले ही कर्ज में डूबे हुए हैं। जवाब में सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरको बैंक डेढ़ लाख तक के लोन देता है, इसमें सात फीसदी ब्याज लगता है। चार फीसदी राज्य और तीन फीसदी ब्याज केंद्र सरकार वहन करती है। किसान कर्ज लेता-देता रहता है, यह एक रोटेशन है। सीएम ने कहा कि हरियाणा का किसान 2014 में कितना उत्पादन करता था और आज कितना करता है। सरकार की ओर से किसानों के हित में कई कल्याणकारी नीतियां चलाई गई हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
