
इंफाल, 28 मई (Udaipur Kiran) । राष्ट्रपति शासित मणिपुर में नई सरकार बनाने के लिए 44 विधायक तैयार हैं। भाजपा विधायक थोकचोम राधेश्याम सिंह ने कहा कि वे बुधवार को 9 विधायकों के साथ राजभवन गए और सरकार गठन की मांग को लेकर राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की। राधेश्याम ने यह बयान राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के बाद बाहर आने पर दिया। मई 2023 में मैतेई और कुकी के बीच हुए जातीय संघर्ष के कारण भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पिछले फरवरी से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है।
राधेश्याम ने कहा कि, 44 विधायक सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। हमने राज्यपाल को इस मामले से अवगत करा दिया है। हमने राज्यपाल के साथ इस बात पर भी चर्चा की कि मौजूदा समस्या का समाधान क्या हो सकता है। राज्यपाल ने हमारी बातें सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे लोगों के हित में सकारात्मक कदम उठाएंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह सरकार गठन की मांग करेंगे, राधेश्याम सिंह ने कहा, इस मामले पर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा। हमने अपनी स्थिति बता दी है। हमने कहा है कि हम सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। अब केंद्रीय नेतृत्व और राज्यपाल इस मामले पर विचार करेंगे।
उन्होंने कहा, स्पीकर थोकचोम सत्यव्रत ने 44 विधायकों से व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से मुलाकात की है। कोई भी नई सरकार के गठन के खिलाफ नहीं है। हर कोई चाहता है कि राज्य में सरकार बने। राधेश्याम ने कहा, ‘सरकार न होने के कारण लोगों को काफी कठिनायों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कार्यकाल में दो साल काेराेना की भेंट चढ़ गए। इस कार्यकाल के दौरान हिंसा के कारण दो वर्ष और बर्बाद हो गए।
ज्ञात हो कि, एन बीरेन सिंह ने मई 2023 में मैतेई और कुकी के बीच हुए जातीय संघर्ष के परिणामस्वरूप भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पिछले फरवरी से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है।
उल्लेखनीय है कि 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में वर्तमान में 59 विधायक हैं। एक सीट विधायक की मृत्यु के कारण रिक्त है। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में कुल 44 सदस्य हैं, जिनमें 32 मैतेई विधायक, तीन मणिपुरी मुस्लिम विधायक और 9 नागा विधायक शामिल हैं।
इसके अलावा, विधानसभा में कांग्रेस के पांच विधायक हैं (सभी मैतेई), शेष 10 विधायक कुकी से हैं, जिनमें से 7 ने पिछला चुनाव भाजपा के टिकट पर जीता था, दो कुकी पीपुल्स अलायंस से और एक निर्दलीय है। ————-
(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय
