आइजोल, 05 अप्रैल (Udaipur Kiran) । पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम के म्यांमार सीमा क्षेत्र में 31 दुर्लभ और विदेशी जीव-जंतु बरामद किए गए हैं। असम राइफल्स के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि असम राइफल्स और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में यह कामयाबी मिली।
इस तस्करी के आरोप में म्यांमार के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान थाउंग शुआंगमुन, बियाक जापियांग और जेसी लालनुन माविया के रूप में हुई है। ये तीनों म्यांमार के चिन राज्य के खावमावी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, असम राइफल्स और वन विभाग की टीम ने मिजोरम के चंपाई जिले के म्यांमार सीमा से सटे जोखावथार कस्बे में टिउ नदी के पास अभियान चलाकर ये जीव-जंतु जब्त किए। जब्त किए गए जंतुओं में 27 अफ्रीकन स्पर टॉर्टायज, 3 पेटागोनियन मारा और एक अल्बिनो बर्मीज पाइथन शामिल है। पेटागोनियन मारा दिखने में खरगोश की तरह होता है और आमतौर पर अर्जेंटीना में पाया जाता है।
असम राइफल्स के एक अधिकारी के मुताबिक, बरामद जीव-जंतुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.31 करोड़ रुपये आंकी गई है। पकड़े गए तस्करों का इरादा इन जीव-जंतुओं को एक गाड़ी के गुप्त हिस्से में छुपाकर मिजोरम के रास्ते दक्षिण भारत ले जाने का था।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
