HEADLINES

आंध्र प्रदेश में बारिश व बाढ़ से अब तक 20 लोगों की मौत, 6.44 लाख लोग प्रभावित

సీఎం చంద్రబాబు

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का किया अनुरोध

अमरावती, 04 सितंबर (Udaipur Kiran) । आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। एनटीआर जिले में सर्वाधिक 12, गुंटूर जिले में 07 और पालनाडु जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्यभर में बारिश और बाढ़ से 6.44 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 1.69 लाख एकड़ की फसल और 18,424 एकड़ बागवानी फसल क्षतिग्रस्त हो गई।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को मीडियाकर्मियों को बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का अनुरोध किया है। नायडू ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 25 किलो चावल, एक लीटर खाद्य तेल, 2 किलो प्याज, 2 किलो आलू और 1 किलो चीनी उपलब्ध करवाने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि विजयवाड़ा शहर में मोबाइल किसान बाजार स्थापित किए जाएं और पीड़ितों को कम कीमत पर सब्जियां उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में बाढ़ से 1,69,370 एकड़ फसल और 18,424 एकड़ बागवानी फसल क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 2.34 लाख किसानों को नुकसान हुआ है। 60 हजार मुर्गियां और 222 मवेशियों की जान गयी है। बाढ़ के कारण 22 सबस्टेशन और 3,312 किमी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। 78 तालाबों और नहरों में पानी भर गया। राज्यभर में बारिश और बाढ़ के कारण 6,44,536 लोग प्रभावित हुए हैं।

सरकार के अनुसार 42,707 लोग कुल 193 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एनडीआरएफ की 50 टीमें जुटी हुई हैं। राहत एवं बचाव कार्य में छह हेलीकॉप्टर और 228 नावों का उपयोग किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को 62 चिकित्सा शिविर स्थापित करने और प्रभावित क्षेत्रों की नगर पालिका में अतिरिक्त 2100 सफाई कर्मियों की व्यवस्था की गयी है। राहत एवं बचाव कार्य में सौ से अधिक दमकलकर्मियों को भी तैनात किया गया है। राहत एवं बचाव कार्य की मानिटरिंग में 32 आईएएस दिन-रात जुटे हुए हैं। अगर कोई मर जाता है तो हम शव परिजनों को सौंप देते हैं। हमने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया है।

उन्होंने बताया कि हमने मंगलवार को 9,09,191 भोजन पैकेट वितरित किए। अब तक हम 6 लाख खाने के पैकेट बांट चुके हैं। 8.50 लाख पानी की बोतलें, 3 लाख लीटर दूध और 5 लाख बिस्किट पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। राज्यभर हमने 5 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की है। गर्भवती महिलाओं को विशेष इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

इस बीच नौसेना ने बताया कि प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना के दो चेतक हेलीकॉप्टरों के साथ-साथ 6 एमआई-17 हेलीकॉप्टरों को तैनात किया गया है। राज्य के एनटीआर जिले में 50 हजार किलोग्राम राहत सामग्री गिरायी गयी है। बाढ़ में फंसे हुए 22 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर से 1,820 किलोग्राम खाद्य पैकेट और जरूरी 22 किलोग्राम दवाइयां हवाई गिरायी गयी हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / नागराज राव

Most Popular

To Top