
मुरादाबाद, 14 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद लोकसभा से समाजवादी पार्टी की सांसद कुंवरानी रुचि वीरा को संसदीय क्षेत्र में 2024-25 में किए जाने वाले विकास कार्यों के लिए शासन ने 5 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की है। जिसमें सांसद ने 3 करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी धनराशि का अभी 1 करोड़ 75 लाख रुपये शेष है। वहीं मुरादाबाद निवासी विधान परिषद सदस्य व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने 304.01 लाख रुपए की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी विधायक निधि में 195.981 लाख रुपये शेष है।
सपा सांसद रुचि वीरा ने सोमवार को बताया कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में बिजनौर जिले के बढ़ापुर और मुरादाबाद क्षेत्र में 3 करोड़ 25 लाख रुपये की सांसद निधि से बिजली से संबंधित और यात्री शेड के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी सांसद निधि के 1 करोड़ 75 लाख रुपये बाकी है।
वहीं जिले की छह विधानसभा क्षेत्र से विधायकों और जिले में रहने वाले विधान परिषद सदस्यों ने 2024-25 में मिलने वाली 50 करोड़ की धनराशि से 90 प्रतिशत के विकास कार्य प्रस्तावित किए हैं। जिसमें नगर विधायक रितेश गुप्ता ने सबसे अधिक अपनी विधायक निधि की धनराशि विधानसभा क्षेत्र में लगाई है। उनकी धनराशि में मात्र 1.2 लाख की धनराशि शेष है।
विधान परिषद सदस्य व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने 304.01 लाख रुपए की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी विधायक निधि में 195.981 लाख रुपये शेष है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी ने 499.07 लाख रुपये की धनराशि के विकास कार्य प्रस्तावित किए हैं। अब उनकी निधि में 93 हजार की धनराशि शेष है। एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त ने विकास के लिए 337.670 लाख रुपए की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी निधि के 162.33 लाख की निधि शेष है। एमएलसी रामगोपाल उर्फ गोपाल अनजान ने 445.92 लाख रुपये की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। अब उनकी निधि के 54.07 लाख की निधि शेष है।
वहीं विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि योजना के अंतर्गत शासन से विधायकों को मिली धनराशि में विधायकों को 2024-25 में विकास कराए जाने के लिए आवंटित हुई 5-5 करोड़ की विधायक निधि में कांठ विधानसभा से विधायक कमाल अख्तर ने अपने विधानसभा क्षेत्र में 498 लाख रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित किए हैं, अब उनकी विधायक निधि में 2 लाख की धनराशि शेष है। वहीं ठाकुरद्वारा क्षेत्र से विधायक नवाब जान को आवंटित हुई 5 करोड़ की विधायक निधि में से विकास कार्य के लिए 496.26 लाख की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए है। उनकी विधायक निधि में 3.73 लाख रुपये की धनराशि शेष है।
मुरादाबाद देहात विधानसभा से सपा विधायक नासिर कुरैशी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 495.90 लाख रुपये की धनराशि कार्य प्रस्तावित किए हैं। अब उनकी विधायक निधि में 4.10 लाख की धनराशि शेष बची है। मुरादाबाद नगर विधानसभा से भाजपा विधायक रितेश गुप्ता ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सबसे अधिक 497.71 लाख से विकास कार्य के प्रस्ताव भेजे हैं।अब उनकी विधायक निधि में 1.29 लाख की धनराशि शेष है। कुंदरकी विधानसभा से भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने 253.89 लाख की विधायक निधि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। उनकी विधायक निधि में 246.10 लाख की धनराशि शेष है। बिलारी विधानसभा से सपा विधायक मोहम्मद फहीम ने अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य के लिए 383.28 लाख रुपये की धनराशि के कार्य प्रस्तावित किए हैं। अब उनकी विधायक निधि में 116.711 लाख की धनराशि शेष है।
परियोजना निदेशक निर्मल कुमार द्विवेदी ने बताया कि विधायकों के प्रस्तावित कार्य सबसे अधिक लघु उद्योग और समाज कल्याण सिडको विभाग के हैं। इसके अलावा आरईएस, यूपीनेडा और बिजली से संबंधित कार्य हैं। सभी कार्यों से संबंधित विभागों को धनराशि आवंटित करने के साथ कार्यों की सूची भेज दी गई है।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
