Gujarat

पुरातन शहर वडनगर में पर्यटन विभाग की 16 प्रोजेक्ट हुए पूरे

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वडनगर में अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग के साथ शुरू की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं के कामकाज की सोमवार को सर्वग्राही समीक्षा की।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने की विभिन्न विकास परियोजनाओं के कामकाज की समीक्षा

मेहसाणा, 24 मार्च (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सांस्कृतिक विरासत से संपन्न ऐतिहासिक व पुरातन नगर वडनगर में अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग के साथ शुरू की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं के कामकाज की सोमवार को सर्वग्राही समीक्षा की। राज्य सरकार के पर्यटन, शहरी विकास तथा सांस्कृतिक गतिविधियाँ समेत अन्य विभागों द्वारा विकास परियोजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया गया। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अभी तक विभाग द्वारा लगभग 16 परियोजनाएँ पूर्ण हुई हैं और छह प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री ने वडनगर में हाटकेश्वर महादेव के लाइट एंड साउंड शो सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों तथा सचिवों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस प्रेजेंटेशन में मुख्यमंत्री के समक्ष वडनगर, मोढेरा सर्किट स्वदेश दर्शन स्कीम अंतर्गत विकसित करने संबंधी, हेरिटेज क्षेत्र के विकास कार्यों तथा प्रेरणा स्कूल परिसर के विकास के बारे में दिखाया गया। साथ ही रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट एवं ट्रांसपोर्ट हब, कीर्ति तोरण आदि वडनगर के दर्शनीय और पुरातत्वीय स्थलों के समयानुरूप विकास के कामकाज का विवरण प्रस्तुत किया गया। बैठक में शहरी विकास विभाग द्वारा हेरिटेज क्षेत्र विकास कार्यों, ट्रांसपोर्ट हब निर्माण तथा वडनगर में स्वच्छता आदि के विषय में शुरू किए गए कामकाज से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।

भूपेन्द्र पटेल ने इस वर्ष वडनगर की यात्रा पर छह लाख से अधिक पर्यटकों के आने का विवरण जानकर वडनगर की लगातार बढ़ती लोकप्रियता को भी ध्यान में लिया।

बैठक में वडनगर शहर में सोलराइजेशन के लिए उत्तर गुजरात विद्युत कंपनी लिमिटेड (यूजीवीसीएल) द्वारा की गई कार्यवाही तथा आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम को देखने आने वाले पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाओं के साथ ही अधिक से अधिक लोगों के इस स्थल पर आने के लिए प्रमोशनल एक्टीविटीज पर विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने प्रेजेंटेशन का गहन निरीक्षण कर विकास कार्यों के प्रोजेक्ट्स तेजी से पूर्ण होने की दिशा में वरिष्ठ अदिकारियों को मार्गदर्शक सुझाव दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार दास, शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव अश्विनी कुमार, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. राजेन्द्र कुमार, युवा, सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ विभाग के प्रधान सचिव एम. थेन्नारसन, गुजरात खेल प्राधिकरण के डीजी संदीप सांगले, गुजरात पर्यटन निगम की प्रबंध निदेशक एस. छाकछुआक, यूजीवीसीएल के प्रबंध निदेशक अरुण महेश बाबू समेत सम्बद्ध विभागों एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top