
हुगली, 14 अप्रैल (Udaipur Kiran) । जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा 14 अप्रैल को हुगली जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के परिसर में सोमवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना अधिकारी सह जिला कल्याण अधिकारी श्री तपस विश्वास, डब्लू.बी.सी.एस. (कार्यकारी), स्मिता सान्याल शुक्ला, डब्लू.बी.सी.एस. (कार्यकारी) एवं एस.डी.ओ., सदर अनुमंडल द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। जिला शिक्षा अधिकारी प्रणव कुमार मंडल, डब्लू.बी.सी.एस. (कार्यकारी) ने सभी को संविधान की शपथ दिलाई तथा राज्य सरकार का संदेश पढ़कर सुनाया।
जिलाधिकारी ने सभी को बाबा साहब के सामाजिक उत्थान में योगदान से अवगत कराया तथा कहा कि बाबा साहब की जयंती को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाना उचित है। हुगली चंचुड़ा गरपालिका के चेयरमैन अमित राय ने छात्रों को बाबा साहेब के सिद्धांतों से परिचित कराया तथा परियोजना अधिकारी सह जिला कल्याण अधिकारी तपस विश्वास ने बैंडेल महात्मा गांधी हिंदी विद्यालय के जय हिंद वाहिनी के कैडेटों द्वारा बाबा साहेब के प्रति व्यक्त ज्ञान पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा बाबा साहेब के आदर्शों के प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
