
जोधपुर, 6 मई (Udaipur Kiran) । जोधपुर के एक अधिवक्ता और उसके परिचितों से इंवेस्टमेंट के नाम पर 12.20 लाख की ठगी कर ली गई। इसमें बॉलीवुड एक्टर गौरव राणा, उसकी पत्नी और तीन चार अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगा है। कंपनी में इंवेस्टमेंट के नाम पर रकम लिए जाने के साथ पीडि़तों को ऊंचे ख्याब दिखाए गए। कजाकिस्तान घुमाने और बड़े मुनाफे का प्रलोभन और बॉलीवुड एक्टरों से मिलाने का भी झांसा दिया गया। कंपनी की ना तो लांचिंग हुई और ना ही दी गई रकम वापिस मिल पाई। मामले में रातानाडा पुलिस ने अब प्रकरण दर्ज कर जांच आरंभ की है।
रातानाडा पुलिस थाने के एसआई भंवरसिंह ने बताया कि महावीरपुरम सिटी चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी अधिवक्ता नरेश सारस्वत पुुत्र रामस्वरूप की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है। इसमेें बताया कि उनकी एक परिचित रातानाडा दासपा हाउस में रहने वाली शैफाली से संपर्क था। तब शैफाली ने बताया कि वह एक कंपनी में कार्य करती है। जोकि भरोसा कॉइन नाम से एक और कंपनी शुरू करनी वाली है। जिसमें खुद शैफाली के साथ गौरव राणा जोकि बॉलीवुड एक्टर है वह और उसकी पत्नी डॉली के अलावा तीन चार अन्य लोग भागीदार है।
गौरव राणा बॉलीवुड एक्टर होने के साथ उसकी कई अभिनेताओं, मॉडल्स आदि से पहचान है। कंपनी की शीघ्र लांचिंग की जाएगी। इसके लिए इंवेस्टमेंट किए जाने पर बड़ा मुनाफा होगा साथ ही जमा रकम पर पांच प्रतिशत अलग से मिलता रहेगा। इस पर अधिवक्ता नरेश सारस्वत ने विश्वास करते हुए 50 हजार रूपये जमा करवाए। बाद में उन्होंने शैफाली के कहे अनुसार अपने परिचितों मोहित कंसारा, चिराग चांडक, आशिष, दुर्गाराम, रौनक सहित अन्य को जोड़ा।
रिपोर्ट के अनुसार शैफाली ने बताया कि कंपनी की लांचिग या प्रोमोशन कार्यक्रम मुंबई में किया जाएगा। कंपनी की ब्राण्ड एंबेसेडर फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी है। कंपनी की तरफ से उन लोगों को कजाकिस्तान के अलामाटी भी घुमाने ले जाया जाएगा। प्रकरण का घटनाक्रम 29 नवंबर 24 से लेकर 10 जनवरी 25 तक चला था। 10 जनवरी 25 को इन्हें कजाकिस्तान के अलामाटी ले जाने का कार्यक्रम था, मगर लेकर नहीं गए। ना तो हवाई टिकट बनाया गया और ना ही अन्य व्यवस्थाएं की गई।
मुंबई में कं पनी के प्रमोशन कार्यक्रम में रहने खाने पीने की सुविधा भी उपलब्ध करवाने को कहा था, मगर ऐसा कुछ नहीं किया गया। उन्हें सुरक्षित निवेश के नाम पर सभी लोगों से 12.20 लाख रूपये ऐंठ लिए गए। 5 दिसम्बर 24 को इनको जोधपुर में बुलाया गया था। मगर ना तो हवाई टिकट दिया गया और ना ही कंपनी प्रोमो कार्यक्रम के संबंध में सही जानकारी दी गई। ठगी का अहसास होने पर गौरव राणा, उसकी पत्नी डॉली, शैफाली और अन्य लोगों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। गौरव राणा मुख्य रूप से पंजाब के सासनगर जीकरपुर का रहने वाला बताय जाता है। फिलहाल रातानाडा पुलिस ने धोखाधड़ी में प्रकरण दर्ज कर अब जांच आरंभ की है।
(Udaipur Kiran) / सतीश
