
लखनऊ, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पर्यटन मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख स्थलों, श्रावस्ती और बटेश्वर, को विश्व स्तरीय पर्यटन गंतव्यों में बदलने की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की घोषणा की है। आगरा से 70 किमी दूर यमुना के तट पर बसे बटेश्वर को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में उभरने के लिए 74.05 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। बटेश्वर न केवल अपने 101 प्राचीन शिव मंदिरों के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मस्थान भी है। परियोजना के तहत व्याख्या केंद्र, ध्यान क्षेत्र, वाटिका, नटराज प्रांगण, डिजिटल अनुभव, आभासी पर्यटन, और पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। नो प्लास्टिक जोन जैसी योजनाओं के साथ, यह स्थल धार्मिक और साहसिक पर्यटन के लिए आदर्श गंतव्य बनेगा। यहां 11,519 रोजगार अवसर सृजित होने का अनुमान है।
श्रावस्ती बौद्ध धर्म का पवित्र स्थल
उत्तर प्रदेश के गोंडा डिवीजन में स्थित श्रावस्ती बौद्ध धर्म का पवित्र स्थल है, जहां भगवान बुद्ध ने 25 वर्षा ऋतुएं जेतवन मठ में बिताई थीं। इस ऐतिहासिक स्थल को समृद्ध बनाने के लिए 80.24 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत बौद्ध पर्यटन विकास परियोजना प्रारंभ की गई है। परियोजना में प्रवेश द्वार, इंटरप्रिटेशन सेंटर, भूनिर्माण, सड़क सौंदर्यीकरण, पार्किंग, छात्रावास और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पीपीपी मॉडल के तहत श्रावस्ती और बटेश्वर में क्रमशः 30 लाख और 317.57 करोड़ की निजी निवेश योजनाएं लागू की जाएंगी।
—————
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
