Chhattisgarh

सगाई कार्यक्रम से लौट रहे बोलेरो नाला में घुसा, 10 लोग घायल

दुर्घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाते हुए।

धमतरी, 29 मार्च (Udaipur Kiran) । सगाई कार्यक्रम से लौट रहा बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे के नाला में जा घुसा। दुर्घटना से सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसा में 10 लोग घायल हुए है, जिन्हें रात में ही एंबुलेंस से लाकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

अर्जुनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को पाटन क्षेत्र के ग्राम चूलगहन से सगाई कार्यक्रम में लोग बोलेरो वाहन से ग्राम ढिमरटिकुर नवागांव आए थे। कार्यक्रम समापन होने के बाद सभी वाहन में सवार होकर रात में ही वापस ग्राम चूलगहन जा रहे थे, तभी ग्राम भोथली-कंडेल के बीच लोगों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर नाला में जा घुसा। दुर्घटना से वाहन में सवार महिला-पुरूष समेत बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसा में सवार 10 लोगाें को चोटें आई थी, जिन्हें एंबुलेंस व लोगों की मदद से उपचार के लिए रात में जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया, जहां घायलों का उपचार किया गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल रजनी निषाद को निजी अस्पताल में रात को ही रिफर किया गया। जबकि 10 वर्षीय बच्ची पायल निषाद का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। अन्य लोगों को मामूली चोटें आने की वजह से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार बोलेरो वाहन का चालक शराब सेवन किया था। नशे के चलते वाहन नाला में जा घुसा। अर्जुनी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top