HEADLINES

इतिहास के पन्नों में 03 अगस्तः आ गया राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त को याद करने का मौका

मैथिलीशरण गुप्त काव्यपाठ करते हुए। फाइल फोटो-इंटरनेट मीडिया

देश दुनिया के इतिहास में 03 अगस्त की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। कई ऐसी महत्वपूर्ण घटनाएं घटीं, जिन्होंने इस तारीख को ऐतिहासिक बनाया है। हिंदी साहित्य में आज की तारीख बेहद अहम है। इसी तारीख को 1886 में कवि मैथिलीशरण गुप्त का जन्म हुआ था। हिंदी साहित्य को उसकी बुलंदियों तक पहुंचाने में उनका अहम योगदान है। उनकी रचनाओं ने न केवल हिंदी काव्य की परिभाषा बदल दी, बल्कि लोगों में साहित्य के प्रति रुचि को भी बढ़ाया। मैथिलीशरण गुप्त की कृतियों में सरलता और नई दिशा देखने को मिलती है। इस साल तीन अगस्त को हम उनकी 138वीं जयंती मनाएंगे।

झांसी जिले के चिरगांव में जन्मे मैथिलीशरण गुप्त के पिता का नाम रामचरण और माता का नाम काशी देवी था। वे अपने माता-पिता की तीसरी संतान थे। इनके पिता का व्यापार करते थे। साथ ही भक्ति-भाव की कविताएं लिखा करते थे। उनसे ही प्रेरित होकर मैथिलीशरण गुप्त भी कविताएं लिखने लगे थे। इनके गुरु पंडित महावीर प्रसाद द्विवेदी थे। मैथिलीशरण गुप्त खड़ी बोली के पहले कवि माने जाते हैं।

मैथिली शरण गुप्त की शादी मात्र नौ वर्ष की उम्र में ही हो गई थी, लेकिन शादी के कुछ ही वर्षों बाद उनकी पत्नी का देहांत हो गया। मैथिली शरण गुप्त ने अपने लेखन के शुरुआती दौर में सरस्वती जैसी पत्रिकाओं में कविताएं लिखीं। इनकी पहली प्रमुख कृति ‘रंग में भंग’ वर्ष 1910 में प्रकाशित हुई। इनकी प्रमुख काव्यगत कृतियां हैं ‘रंग में भंग’, ‘भारत-भारती’, ‘जयद्रथ वध’, ‘विकट भट’, ‘प्लासी का युद्ध’, ‘गुरुकुल’, ‘किसान’, ‘पंचवटी’, ‘सिद्धराज’, ‘साकेत’, ‘यशोधरा’, ‘अर्जुन-विसर्जन’, ‘काबा’ और कर्बला’, ‘जय भारत’, ‘द्वापर’, ‘नहुष’, ‘वैतालिक’, ‘कुणाल’। गुप्त जी की कृति ‘भारत भारती’ वर्ष 1912 में आई थी। यह एक राष्ट्रवादी कविता है।

‘भारत भारती’ प्रसिद्ध काव्यकृति है। यह स्वदेश प्रेम को दर्शाते हुए वर्तमान और भावी दुर्दशा से उबरने के लिए समाधान खोजने का एक सफल प्रयोग है। भारतवर्ष के संक्षिप्त दर्शन की काव्यात्मक प्रस्तुति ‘भारत भारती’ निसंदेह किसी शोध कार्य से कम नहीं है। भारतीय साहित्य में ‘भारत भारती’ सांस्कृतिक नवजागरण का ऐतिहासिक दस्तावेज है।

मैथिलीशरण गुप्त जिस काव्य के कारण जनता के प्राणों में रचे-बसे और ‘राष्ट्रकवि’ कहलाए, वह कृति ‘भारत भारती’ ही है। आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के शब्दों में पहले पहल हिन्दीप्रेमियों का सबसे अधिक ध्यान खींचने वाली पुस्तक भी यही है। इसकी लोकप्रियता का आलम यह रहा है कि इसकी प्रतियां रातोंरात खरीदी गईं। प्रभातफेरियों, राष्ट्रीय आन्दोलनों, शिक्षा संस्थानों, प्रातःकालीन प्रार्थनाओं में भारत भारती के पद गांवों-नगरों में गाये जाने लगे। आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी ने सरस्वती पत्रिका में कहा कि यह काव्य वर्तमान हिन्दी साहित्य में युगान्तर उत्पन्न करने वाला है। इसमें यह संजीवनी शक्ति है जो किसी भी जाति को उत्साह जागरण की शक्ति का वरदान दे सकती है। ‘हम कौन थे क्या हो गये हैं और क्या होंगे अभी’ का विचार सभी के भीतर गूंज उठा। उल्लेखनीय है कि ‘भारत भारती’ की इसी परम्परा का विकास माखनलाल चतुर्वेदी, नवीन जी, दिनकर जी, सुभद्रा कुमारी चौहान, प्रसाद-निराला जैसे कवियों में हुआ।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1108ः लुई षष्ठम फ्रांस का सम्राट बना।

1492ः यूरोपीय देश स्पेन से सभी यहूदियों को बाहर निकाला गया।

1492ः इटली का नाविक क्रिस्टोफर कोलंबस तीन पोत के साथ स्पेन से भारत की खोज पर निकला।

1678: राबर्ट लासैले ने अमेरिका में पहले जहाज का निर्माण किया।

1780: मेहर पोफम के तहत कैप्टन ब्रूस ने ग्वालियर पर कब्जा किया।

1900: फर्स्ट वन टायर ऐंड रबर कंपनी की स्थापना।

1914: पहला समुद्री जहाज पनामा नहर से गुजरा।

1925: अमेरिका की अंतिम सैन्य टुकड़ी ने निकारागुआ छोड़ा।

1957: अब्दुल रहमान को मलेशिया का नया नेता चुना गया। उनके नेतृत्व में ब्रिटेन से मलेशिया को आजादी मिली थी।

1960: पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर ने फ्रांस से स्वतंत्रता हासिल की।

1985: बाबा आम्टे को जनसेवा के लिए रेमन मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

2000ः ब्रिटेन की ‘क्वीन मदर’ ने अपनी 100वीं वर्षगांठ मनाई।

2004: अमेरिकी अंतरिक्ष यान मैसेंजर बुध ग्रह के लिए रवाना हुआ।

2006ः संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा कि वह भारत को यूरेनियम संवर्धन में सहायता नहीं देगा।

2007: इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए रवाना हुआ रूसी अंतरिक्ष यान प्रोग्रेस एम-61 सफलतापूर्वक अपनी कक्षा में पहुंचा।

2007: लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो में ट्रेन दुर्घटना। 100 लोगों की मौत।

जन्म

1846ः राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त। उन्हें खड़ी बोली का महत्वपूर्ण कवि माना जाता है।

1890ः भारत के प्रसिद्ध क्रांतिकारी और पाकिस्तान में प्रथम उच्चायुक्त श्री प्रकाश।

1916ः भारतीय गीतकार और शायर शकील बदायूंनी।

1919ः फिल्म संगीतकार जयदेव।

1936ः भारतीय शास्त्रीय गायक छन्नूलाल मिश्रा।

1984ः प्रसिद्ध भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री।

निधन

1670ः राजस्थान के क्रमबद्ध इतिहास लेखन के प्रथम इतिहासकार मुहणोत नैणसी।

1982ः उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिभुवन नारायण सिंह।

1993ः आध्यात्मिक चिंतक और वेदांत दर्शन के विश्व प्रसिद्ध विद्वान स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती।

महत्वपूर्ण दिवस

-राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की जयंती।

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top