
चंडीगढ़, 10 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार से प्रदेश स्तरीय सक्रिय सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने आज मुख्यमंत्री नायब सैनी का फार्म भरकर उन्हें पार्टी का सक्रिय सदस्य बनाया। इसके साथ ही प्रदेश में आज चंडीगढ़ के अलावा विभिन्न स्थानों पर सभी मंत्रियों, विधायकों व सांसदों के फार्म भरकर उन्हें भाजपा का सक्रिय सदस्य बनाया गया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि अगले पांच दिन पार्टी का प्रदेशभर में सक्रिय सदस्यता अभियान तथा सामान्य सदस्यता अभियान एक साथ चलेगा। बड़ौली ने बताया कि अभी तक भाजपा के 34 लाख नए सदस्य बनाए जा चुके हैं। अब आज से सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान भी शुरू कर दिया गया है। जिसके अंतर्गत प्रदेश में 50 हजार सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। सक्रिय सदस्य बनने के लिए यह जरूरी है कि एक नेता कम से कम 50 सदस्य बनाए। जिसे सक्रिय सदस्य का दर्जा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान को अब तक 15 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। जिसके अंतर्गत सामान्य सदस्यता अभियान तथा सक्रिय सदस्यता अभियान एक साथ चलेंगे। नगर निगम चुनाव के संबंध में बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार व संगठन के स्तर पर निगम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और प्रदेश की सभी निगमों में अपने मेयर बनाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
