
कूचबिहार, 5 जनवरी (Udaipur Kiran) । दिनहाटा नगर पालिका बिल्डिंग प्लान धोखाधड़ी मामले में नगर पालिका के उप सहायक इंजीनियर हरि बर्मन को गिरफ्तार किया गया है। दिनहाटा थाने की पुलिस शनिवार सुबह से ही बर्मन से लगातार पूछताछ कर रही थी। इसके बाद उन्हें शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले नगर पालिका के एक और इंजीनियर अर्कप्राव दासगुप्ता को शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा इस मामले में दिनहाटा नगर पालिका के एक कर्मी उत्तम चक्रवर्ती को भी गिरफ्तार किया गया था। अब इस मामलो में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर तीन हो गयी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच आगे बढ़ने पर और गिरफ्तारियां हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली दिनहाटा नगर पालिका के अध्यक्ष गौरीशंकर माहेश्वरी ने बड़े वित्तीय घोटाले के आरोपों के चलते अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। प्रारंभिक जांच में व्यापक अनियमितताएं सामने आई, जिसके बाद नगर निगम ने इंजीनियरों सहित कई कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि कर्मचारी उत्तम चक्रवर्ती ने फर्जी रसीद जारी करके बिल्डिंग प्लान अनुमोदन के लिए आवेदकों से बड़ी रकम वसूली।
(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार
