Madhya Pradesh

 ग्वालियर: शुक्रवार से गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड

ग्वालियर, 23 जनवरी (Udaipur Kiran) । पिछले पांच दिनों से 27 डिग्री सेल्सियस पर टिके अधिकतम तापमान में आज गुरुवार को तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट की संभावना जताई है। यानी ठंड एक बार फिर पटलवार कर सकती है।

पिछले कुछ दिनों से उत्तर की बजाय दक्षिण-पश्चिम से हवाएं आने की वजह से ठंड का प्रभाव कम हो गया है। मौसम शुष्क होने से काफी तेज धूप निकल रही है। इस वजह से विगत 18 से 22 दिसंबर तक लगातार पांच दिन अधिकतम तापमान 27 डग्री सेल्सियस के आसपास ही टिका रहा जबकि न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही, लेकिन गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि यह सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 95 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 73 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक है।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस समय उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है लेकिन इन मौसम प्रणालियों का प्रभाव ग्वालियर-चंबल संभाग में नहीं है। ऐसे में यहां मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा। साथ ही अब हवाओं का रुख भी उत्तरी होने की संभावना है। ऐसे में दिन व रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का प्रकोप फिर से बढ़ सकता है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top