ग्वालियर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran) । रात में ठंड अब और तेज हो गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 12.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो वर्तमान मौसम में अब तक का सबसे कम है। यानी सोमवार-मंगलवार की रात सबसे ठंडी रही। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।
बीते सोमवार को छाए घने कोहरे के बाद मंगलवार को मौसम शुष्क रहा। जिससे दिन भर धूप खिली रही लेकिन उत्तरी ठंडी हवा की वजह से दिन में भी हल्की सिहरन बनी रही। मौसम के जानकार बता रहे हैं कि पश्चिमोत्तर भारत के वायु मंडल में बह रहीं जेट स्ट्रीम हवाओं की वजह से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है और वहां से मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवा आ रही है। उत्तरी हवा का असर ग्वालियर में भी दिख रहा है। यहां रात के साथ दिन का तापमान भी लुढ़क रहा है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री और नीचे जा सकता है जबकि अधिकतम तापमान फिलहाल सामान्य स्तर पर बना रहेगा।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 98 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 21 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 66 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी औसत से 08 प्रतिशत अधिक है।
(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा
