
अहमदाबाद, 16 फरवरी (Udaipur Kiran) । गुजरात में रविवार को स्थानीय निकायों के लिए मतदान किए गए। कुल 66 नगर पालिकाओं, 3 तहसील पंचायत और 1 महानगर पालिका के लिए कुल 5084 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। करीब 38 लाख मतदाता उम्मीदवाराें का भविष्य तय करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला।
गुजरात में स्थानीय निकायों के चुनाव में अभी तक कुल 213 सीट निर्विरोध घोषित की जा चुकी हैं। जूनागढ़ महानगर पालिका के 15 वार्ड की 60 सीटों में 8 सीट निर्विरोध घोषित हुई हैं। राज्य में रविवार को हुए चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। हालांकि कुछ जगहों पर आरोप-प्रत्यारोप समेत हल्की नोकझोंक की खबर है। राज्य की कुल 66 नगर
पालिकाओं, 2 नगर पालिकाओं की 72 सीट और जूनागढ़ महानगर पालिका की 52 सीटों पर मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक औसत 56.60 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।हालांकि अभी फाइनल मतदान का आकंड़ा आना बाकी है। मतगणना 18 फरवरी को होगी।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 में हुए राज्य में 75 नगर पालिकाओं में औसत 65 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार करीब 57 फीसदी मतदान हाेने की संभावना है, जो पिछली बार से करीब 8 फीसदी कम है।
—————
(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय
