शिमला, 15 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । कांग्रेस विधायक चन्द्रशेखर और भुवनेश्वर गौड़ ने नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर द्वारा केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि वह हमेशा हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली मदद को रोकने के लिए केन्द्रीय मंत्रियों से मिलते हैं। उनका कहना था कि जय राम ठाकुर कभी भी हिमाचल के हितों की पैरवी नहीं करते बल्कि राज्य के हक में अड़ंगे डालने की कोशिश करते हैं।
चन्द्रशेखर और भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि जब भी जय राम ठाकुर केन्द्रीय मंत्रियों से मिलकर आते हैं तो वह हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली जरूरी सहायता को रोक देते हैं। इस तरह के प्रयासों से राज्य के लोगों का नुकसान हो रहा है। दोनों विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष से यह स्पष्ट करने की मांग की कि वह हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ हैं या उनके खिलाफ।
विधायकों ने यह भी आरोप लगाया कि जय राम ठाकुर केन्द्रीय मंत्रियों से मिलकर यूनिफाइड पैंशन स्कीम (यूपीएस) को लागू करने का दबाव बना रहे हैं जबकि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को पुरानी पेंशन स्कीम स्वीकार नहीं हो रही इसीलिए वे सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ षडयंत्र रच रहे हैं।
दोनों विधायकों ने आरोप लगाया कि जय राम ठाकुर को केन्द्र सरकार से हिमाचल प्रदेश के 9000 करोड़ रुपये वापस दिलाने की बात करनी चाहिए थी जो एनपीएस से संबंधित हैं लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने यह भी बताया कि पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने के कारण केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश पर कई आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं जिनमें राज्य को मिलने वाली ऋण सीमा को घटाकर 6600 करोड़ रुपये करना और बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं के लिए 2900 करोड़ रुपये की सीमा तय करना शामिल है।
विधायकों ने यह भी कहा कि 2023 में हिमाचल प्रदेश के लोग भारी प्राकृतिक आपदा का सामना कर चुके हैं लेकिन आज तक राज्य को केन्द्र सरकार से विशेष आर्थिक सहायता के रूप में एक रुपया भी नहीं मिला है।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
