
नई दिल्ली, 26 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि दिल्ली का यह दुर्भाग्य है कि पिछले 27 साल से अधिक समय से दोनों पार्टियों ने इसे बर्बाद करने का काम किया है। पहले कांग्रेस ने दिल्ली को पंद्रह साल बर्बाद किया और उसके बाद अब लगभग 12 सालों से अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आज जब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आआपा) दोनों को लग रहा है कि वह दिल्ली में चुनाव हार रहे हैं तो एक विशेष वर्ग का वोट पाने के लिए दोनों में होड़ मची हुई है, ताकि वो अपनी ज़मीनी राजनीति बचा सके।
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां आज एक-दूसरे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। आतिशी और अजय माकन की शर्म कहां चली गयी ,जब लोकसभा चुनाव में दोनों एक दूसरे के साथ हाथ में हाथ डाले घूम रहे थे।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आज सिर्फ़ मैं नहीं, पूरी दिल्ली अरविंद केजरीवाल और आतिशी से पूछना चाह रही है कि जब राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ मिलकर फ़ोटो खिंचवाते थे, जब इंडी गठबंधन के तहत दोनों देश भ्रमण कर रहे थे, उस वक्त उनका सम्मान कहाँ चला गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा तो पिछले 27 सालों से पहले कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी के ख़िलाफ़ लड़ रही है।
सचदेवा ने कहा कि आतिशी वही स्क्रिप्ट बोल रही हैं, जो कांग्रेस बुलवाना चाहती है और कांग्रेस वही कर रही है, जो आम आदमी पार्टी करवाना चाहती है, इसलिए दिल्ली में अगर कांग्रेस को वोट दें तो वह आम आदमी पार्टी को जाएगा और अगर आआपा को वोट करें तो वह कांग्रेस को जाएगा। इसलिए इस बार दिल्ली की जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली है और सत्ता परिवर्तन के मूड में है।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हर उस भ्रष्टाचारी दल के खिलाफ लड़ रही है, जिसने दिल्ली को बर्बाद करने का काम किया है।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
