
-सद्भावना क्रिकेट मैच में जिला प्रशासन की टीम रही विजेता
धमतरी, 7 नवंबर (Udaipur Kiran) । धमतरी के खेल प्रेमियों के लिए एकलव्य खेल मैदान में बॉक्स क्रिकेट मैदान का निर्माण पूरा कर उसका भव्य शुभारंभ किया गया। इस मैदान का उद्घाटन छह नवम्बर की देर शाम महापौर रामू रोहरा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महापौर रोहरा ने कहा कि “शहर का विकास केवल निर्माण कार्यों से नहीं, बल्कि खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से भी मापा जाता है। खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस बॉक्स क्रिकेट मैदान का निर्माण किया गया है। भविष्य में नगर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी खेल संरचनाएं विकसित की जाएंगी।”
उन्होंने इस नई खेल सुविधा को नगरवासियों को समर्पित करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि “जिले के युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए भी इसी प्रकार के मैदान तैयार किए जाएंगे। इन खेल संरचनाओं के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी थर्ड पार्टी एजेंसी को सौंपी जाएगी। शुभारंभ अवसर पर सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और मीडिया प्रतिनिधियों की टीमों ने हिस्सा लिया। पहले मुकाबले में पुलिस प्रशासन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 75 रनों का लक्ष्य रखा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की कप्तानी वाली जिला प्रशासन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह मुकाबला जीत लिया। पुलिस टीम की कप्तानी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने की।
दूसरे मुकाबले में नगर निगम और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच मैच खेला गया। मीडिया टीम ने पहले बल्लेबाजी कर आठ ओवर में 42 रन बनाए। महापौर रामू रोहरा की कप्तानी वाली नगर निगम टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर जीत दर्ज की। मीडिया टीम की कप्तानी भूपेंद्र साहू ने की। कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। बॉक्स क्रिकेट मैदान के शुभारंभ से नगर में खेलों को नई दिशा मिलेगी और युवाओं में खेल के प्रति रुचि एवं उत्साह को प्रोत्साहन मिलेगा।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा