
दुमका, 16 जून (Udaipur Kiran) । जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर चम्पातरी आश्रम के समीप बाइक और कंटेनर की टक्कर में बाईक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दाैरान उसकी माैत हाे गयी।
मिली जानकारी के अनुसार कंटेनर (डीडी 01 एक्स 9670 ) हंसडीहा से दुमका की ओर जा रही थी। इसी बीच बाईक सवार व्यक्ति दुमका से हंसडीहा की ओर जा रहा था। इसी क्रम में चम्पातरी आश्रम के समीप कंटेनर काे ओवरटेक करने के क्रम मे बाइक सवार व्यक्ति कंटेनर के चपेट में आ गया। टक्कर होते ही बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से बाईक सवार व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए नोनीहाट स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार कर स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार व्यक्ति दुमका से अपनी बहन का इलाज का रिपोर्ट लेकर अपने घर जियाजोर जा रहा था। इसी दौरान चंपातरी आश्रम के समीप यह घटना घटी। मृतक की पहचान अमित कुमार कोडा (20) जो हंसडीहा थाना क्षेत्र के जियाजोर गांव निवासी बताया जा रहा है। मृतक अमित कोड़ा दुमका एसपी कॉलेज मे इंटर का छात्र था।
युवक की मौत की सूचना पर आक्रोशित ग्रामीणों ने दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग को लकड़ाटाड (कुंजी ) के समीप करीब एक घंटे तक जाम रखा। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी प्रकाश कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जहां आक्रोशित ग्रामीणों को काफी समझाने बुझाने के बाद सरैयाहाट वीडियो महेश्वरी प्रसाद यादव के सहयोग से एक घंटे बाद जाम मुक्त कराया गया। जाम से सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतारें लगी रही।
—————
(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार
