Delhi

योग राजनीति नहीं, हमारे स्वास्थ्य का विषय : मनजिंदर सिंह सिरसा

अशोक नगर के हॉकी ग्राउंड में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग करते हुए पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा

नई दिल्ली, 21 जून (Udaipur Kiran) । दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को अशोक नगर के हॉकी ग्राउंड में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय निवासियों, युवा समूहों और वरिष्ठ नागरिकों के साथ योग अभ्यास किया।

सिरसा ने कहा कि योग राजनीति नहीं है, ये हमारे स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़ा हुआ है। दिल्ली के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि हम राष्ट्रीय राजधानी में 11 साल बाद उत्साह से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। ये अपने आप में ऐतिहासिक है।

सिरसा ने यहां संबोधित करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया योग दिवस मना रही थी, तब दिल्ली की पिछली सरकार ने सिर्फ इसलिए इसे नजरअंदाज किया क्योंकि ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल थी। उस सोच ने लोगों को उस चीज से दूर कर दिया जो हमारी संस्कृति का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि नई सरकार के नेतृत्व में दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों और कॉलोनियों में हजारों लोगों ने उत्साह से योग दिवस में हिस्सा लिया। ये देखकर गर्व होता है कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशाखापत्तनम में योग कर रहे हैं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता यमुना किनारे हैं, तब दिल्ली के हर कोने में लोग इस परंपरा को अपना रहे हैं। अब दिल्ली को ऐसी सरकार मिली है जो सेहत और संस्कृति दोनों को प्राथमिकता देती है।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top