
नई दिल्ली, 21 जून (Udaipur Kiran) । दिल्ली नगर निगम ने शनिवार को डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया। योग कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और सूर्य नमस्कार से हुई।
इस अवसर पर दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, मध्य जोन अध्यक्ष योगिता सिंह और निगमायुक्त अश्विनी कुमार उपस्थित थे।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि योग हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। योग सिर्फ एक दिन का नहीं, बल्कि जीवनभर का अभ्यास है।उन्होंने कहा कि यह भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है जो शरीर, मन और आत्मा में संतुलन लाती है।
महापौर ने कहा कि लोग दैनिक जीवन में योग अभ्यास को शामिल करके अधिक कुशलता और ऊर्जा के साथ काम कर सकते हैं। उन्होंने योग और स्वस्थ जीवन के संदेश को आम जनता तक पहुंचाने में दिल्ली नगर निगम की पहल की सराहना की।
नगर निगम स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस याद दिलाता है कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए एक सरल, प्रभावी और वैज्ञानिक मार्ग हमारी सांस्कृतिक जड़ों में निहित है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा आयोजित इस योग कार्यक्रम में भाग लेकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है।
शर्मा ने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और एक स्वस्थ भारत में योगदान देने की अपील की।
निगमायुक्त अश्वनी कुमार ने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने जीवन में योग को अपनाने और नियमित रूप से इसका अभ्यास करके अपने शरीर और मन को स्वस्थ बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे। उपस्थित सदस्यों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए योग का अभ्यास किया।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग है। जो इस बात पर जोर देता है कि जिस तरह पृथ्वी एक है। उसी तरह हमारा स्वास्थ्य भी देखभाल और संतुलन की मांग करता है।
महापौर ने निगम विद्यालय के बच्चों के साथ किया योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने शाहदरा दक्षिणी मयूर विहार फेज 1 स्थित निगम विद्यालय का दौरा किया। वहां उपस्थित लगभग दो सौ निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ उन्होंने योगासन किए। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को योग के प्रति जागरूक करना और उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना था।
महापौर ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है। बच्चों में योग की आदत डालना भविष्य की एक स्वस्थ और संतुलित पीढ़ी की नींव है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने की शपथ ली।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
