
रांची, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । झारखंड के विभिन्न जिलों में मंगलवार से कहीं हल्की, तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। यह जानकारी मौसम विभाग की ओर से रविवार को दी गई।
मौसम विभाग की ओर से झारखंड के जिन इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है, उनमें मंगलवार को दक्षिणी पश्चिमी जिले, बुधवार को दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिले, गुरुवार को पश्चिमी, उत्तरी और राज्य के मध्यवर्ती जिले तथा शुक्रवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। उपयुक्त जिलों में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। यह स्थिति बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण उत्पन्न हुई है।
झारखंड के लातेहार में पिछले 24 घंटे के दौरान 5.5 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान गोंडा में 35.2 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं रविवार को राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे, इससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। बीच-बीच में हल्की धूप भी खिली।
रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री, जमशेदपुर में 32.2, डाल्टनगंज में 33. 2 डिग्री, बोकारो में 31.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak