
नई दिल्ली, 30 जून (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में रविवार रात से शुरू हुई झमाझम बारिश रुक-रुक कर सोमवार को भी जारी रही। दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े 8 बजे से लेकर सोमवार सुबह साढ़े 8 बजे तक औसतन कुल 14 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एनसीआर के लिए सोमवार को ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और बताया है कि आने वाले छह दिनों तक राजधानी में हल्की वर्षा की संभावना है। दिल्ली के कई इलाकों में वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। बीते 24 घंटे में राष्ट्रीय राजधानी में भारत मंडपम के पास सबसे अधिक 23.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड पर 17.3 मिलीमीटर, पालम में 16.2 मिलीमीटर और मयूर विहार में 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश के चलते दिल्ली में तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए वर्षा और तूफानी हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कुछ इलाकों में अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ में भी भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिम मध्य प्रदेश में भी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, गंगा के मैदानी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला पश्चिम बंगाल, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, ओडिशा, पश्चिम मध्य प्रदेश और पश्चिम राजस्थान में मध्यम बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है, जिससे उमस बढ़ सकती है।
अगले 24 घंटों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के आसपास के समुद्री इलाकों में भी मौसम खराब बना रहेगा। सोमालिया, ओमान और यमन तटों पर 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो बढ़कर 65 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं। वहीं, मध्य बंगाल की खाड़ी, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, उत्तरी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, गुजरात और कोंकण तटों पर भी तूफानी हवाओं के साथ समुद्री गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
————–
(Udaipur Kiran) / prashant shekhar
