Haryana

यमुनानगर: निगम व दमकल कर्मियों ने मांगों को लेकर कृषिमंत्री आवास पर किया प्रदर्शन

कृषि मंत्री आवास पर प्रदर्शन करते निगम कर्मी

यमुनानगर, 23 जून (Udaipur Kiran) । नगर पालिका व दमकल विभाग कर्मचारियों द्वारा मेरी आवाज सुनो प्रोग्राम के तहत रादौर अनाज मंडी में इकट्ठा होकर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के आवास पर पहुँचकर रादौर भाजपा मंडल अध्यक्ष को मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

मौके पर उपस्थित नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव मांगेराम तिगरा व अग्निशमन राज्य संगठन सचिव संतोष कुमार ने सोमवार को संयुक्त रूप से बताया कि संघ व सरकार के बीच सात अगस्त 2024 को वार्ता हुई थी। जिसमें कर्मचारियों की कुछ अहम मांगों पर सहमति बनी थी। लेकिन सरकार ने आज तक मानी गई मांगों के पत्र जारी नहीं किये।

संघ ने सात अगस्त को हुई वार्ता के पत्र जारी करवाने के लिए अनौपचारिक रूप से शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात कर मानी गई मांगों के पत्र जारी करवाने व वार्ता का समय देने का अनुरोध किया। संघ की ओर से कई बार अपील की गई लेकिन हर बार प्रशासनिक एवं सरकार के स्तर पर संघ की अपील को नजर अंदाज किया जा रहा है। इसलिए यमुनानगर निगम व अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों में सरकार के प्रति नाराजगी पनप रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार नगर पालिकाओं, नगर परिषदों, नगर निगम व दमकल के कर्मचारियों के साथ वादा खिलाफी कर रही है और संघ के साथ 29 अक्टूबर 2022, सात अगस्त 2024 व चार अप्रैल 2025 में मानी गई मांगों के परिपत्र जारी नहीं किया। जिसके कारण हमें बार-बार धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समझौते में मानी गई मांगों में सफाई व सीवरमेन को नियमित भर्ती प्रक्रिया के तहत पक्का करना, जींद में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुसार शहरी व ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 26 हजार रुपये व शहरी सफाई कर्मचारियों को 27 हजार रुपये वेतन का पत्र जारी करना, दमकल विभाग में 2 हजार 268 सर्जित पदों पर 1 हजार 340 पे रोल व 212 कौशल के कर्मचारियों को मर्ज करके समान काम समान वेतन देना आदि शामिल है। इसलिए पालिकाओं परिषदों निगम में अग्निशमन केंद्रों में लगे कर्मचारियों को लामबंद करते हुए नगरनिगम व दमकल कर्मचारी 29 जून को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद स्थित आवास का घेराव किया जायेगा।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top