Madhya Pradesh

विश्व विजेता महिला क्रिकेट टीम की सदस्य क्रांति गौड़ लौटीं अपने घर, छतरपुर में जश्न

क्रांति गौड़ लौटीं अपने घर

छतरपुर, 07 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की सदस्य मध्य प्रदेश की बेटी क्रांति गौड़ शुक्रवार देर रात अपने गृह ग्राम घुवारा पहुंचीं। गांव में दीपावली जैसा उत्सव दिखा। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूलों की बारिश के बीच परिवार ने तुलादान की परंपरा निभाकर स्वागत किया।

छतरपुर के घुवारा नगर में फलदान कार्यक्रम के दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षा घेरा टूटने से क्रांति को धक्का लग गया। भीड़ में घिरीं तो स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर सुरक्षित उसे बाहर निकाला। लोगों में उत्साह इतना ज्यादा था कि कई बार पुलिस को भीड़ को हटाना पड़ा।

इससे पहले भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्रांति सिंह गौड़ को मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्रांति के पिता मुन्ना सिंह की पुलिस विभाग में बहाली किए जाने की घोषणा की। छतरपुर में विश्व स्तरीय स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर जबलपुर में क्रांति के सम्मान में बड़ा समारोह होगा। सम्मान समारोह में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने क्रांति के माता-पिता और कोच राजीव बिल्थरे को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में युवा खिलाड़ियों ने क्रांति से विश्व कप की तैयारियों को लेकर चर्चा की।

भोपाल से रवाना होने के बाद क्रांति गौड़ विमान से खजुराहो पहुंची, जहां एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद क्रांति कार की छत पर बैठकर अभिवादन करती रहीं। रास्तेभर फूल बरसे, भारत माता की जय के नारे लगे। घुवारा पहुंचने से पहले क्रांति चौपरिया सरकार मंदिर पहुंचीं, जहां हनुमानजी के समक्ष माथा टेका। इसके बाद शशिकांत फार्म हाउस पर जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री ने पुष्प माला और गले लगाकर क्रांति गौड़ का स्वागत किया।

(Udaipur Kiran) तोमर