Jharkhand

रांची में बनेगा विश्वस्तरीय मेडिको सिटी, एडीबी ने दी 2800 करोड़ की मंजूरी

बैठक में शामि‍ल मंत्री समेत अन्‍य पदाध‍िकारीगण

रांची, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक और सौगात मिली है। राजधानी रांची में विश्वस्तरीय मेडिको सिटी का निर्माण किया जाएगा। रिनपास के समीप विकसित होनवाले इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) ने 2800 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने दी।

मंत्री ने परियोजना को लेकर प्रोजेक्ट भवन में गुरूवार को उच्चस्तरीय बैठक की। इस परियोजना के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कर उन्‍होंने कार्य को गति देने का निर्देश दिया। परियोजना को झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड को हेल्थ डेस्टिनेशन बनाने में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगा। अब झारखंड के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मंत्री ने कहा कि मेडिको सिटी में हृदय, किडनी, लीवर सहित जटिल रोगों का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों और अत्याधुनिक तकनीक से संभव होगा। परियोजना के तहत आधुनिक मेडिको सिटी का निर्माण, नर्सिंग, फार्मेसी और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना, क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्र और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का विकास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेडिको सिटी पूरी तरह ग्रीन बिल्डिंग तकनीक पर आधारित होगी। डिजिटल हेल्थ सिस्टम, टेलीमेडिसिन सुविधा, जि‍ला स्तर पर स्वास्थ्य संस्थानों का आधुनिकीकरण और निजी क्षेत्र की भागीदारी (पीपीपी मॉडल) इसकी प्रमुख विशेषताएं होंगी। यह परियोजना सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में भी ठोस योगदान देगी।

वहीं अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि मेडिको सिटी न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को नई उंचाई देगी, बल्कि यह झारखंड के सामाजिक और आर्थिक विकास की धुरी भी बनेगी।

बैठक में मंत्री इरफान अंसारी के अलावे स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, झारखंड स्टेट हेल्थ सोसाइटी की कार्यकारी निदेशक डॉ नेहा अरोड़ा, एडीबी की प्रतिनिधि सोनालिनी खेत्रपाल सहित अन्य शामिल थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top