Sports

वर्ल्ड एथलेटिक्स ने मोंडो डुप्लांटिस, ट्रोसचियांका, यान और झांग के विश्व रिकॉर्ड को दी मान्यता

पोल वोल्ट ( प्रतीकात्मक चित्र)

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran) ।

वर्ल्ड एथलेटिक्स ने मोंडो डुप्लांटिस के नवीनतम विश्व पोल वॉल्ट रिकॉर्ड और तीन विश्व अंडर-20 रिकॉर्ड्स को आधिकारिक मान्यता दे दी है। वर्ल्ड एथलेटिक्स ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

स्वीडन के मोंडो डुप्लांटिस ने टोक्यो में हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में 6.30 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने 12 अगस्त 2025 को बुडापेस्ट में बनाए गए 6.29 मीटर के रिकॉर्ड में एक सेंटीमीटर का इज़ाफ़ा किया। यह उनके करियर का 14वां विश्व रिकॉर्ड और लगातार तीसरा विश्व चैंपियनशिप खिताब है।

डुप्लांटिस ने वर्ल्ड एथलेटिक्स के हवाले से कहा, “यह मेरी कल्पना से भी बेहतर है। इस शानदार भीड़ के सामने विश्व रिकॉर्ड बनाना अविश्वसनीय है। मैं बेहद खुश हूं।”

इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इतिहास में पहली बार सात खिलाड़ियों ने 5.90 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पार की। वहीं 5.95 मीटर की छलांग इस बार पदक के लिए भी पर्याप्त नहीं रही।

चीन की झांग जियाले और यान ज़ियी ने अगस्त में क्वुझो में हुए चीनी चैंपियनशिप में क्रमशः महिला अंडर 20 हैमर थ्रो और भाला फेंक में विश्व रिकॉर्ड बनाए।

18 वर्षीय झांग जियाले ने 2 अगस्त को 77.24 मीटर का थ्रो कर अपने ही पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (75.14 मी.) और 2021 में फिनलैंड की सिल्जा कोसोनेन द्वारा बनाए गए 73.43 मीटर के विश्व अंडर 20 रिकॉर्ड को तोड़ा। उन्होंने अपने आखिरी प्रयास में भी 76.15 मीटर का थ्रो किया। बाद में टोक्यो में उन्होंने 77.10 मीटर फेंककर विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता।

17 वर्षीय यान ज़ियी ने अगले दिन, 3 अगस्त को, महिला U20 भाला फेंक में 65.89 मीटर का थ्रो कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अपने ही पिछले रिकॉर्ड 64.41 मीटर (क्वुझो 2024) और 64.83 मीटर (चेंगदू 2025) को पार किया।

पोलैंड के ह्यूबर्ट ट्रोसचियांका ने 8 अगस्त को यूरोपीय अंडर-20 चैंपियनशिप (टाम्पेरे, फिनलैंड) में पुरुषों की अंडर-20 डेकैथलन (दसक्रीड़ा) में 8514 अंकों के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया।

उन्होंने जर्मनी के निक्लास काउल के 2017 में बनाए गए 8435 अंकों के रिकॉर्ड को तोड़ा और इतिहास में पहली बार किसी अंडर-20 एथलीट ने 8500 अंकों का आंकड़ा पार किया।

ट्रोसचियांका के प्रदर्शन में

100 मीटर (10.74 सेकंड), लंबी कूद (7.26मी), गोला फेंक (15.48मी), ऊंची कूद (1.94मी), 400मी (46.21 सेकंड20 डेकैथलन सर्वश्रेष्ठ), 110मी बाधा दौड़ (14.23 सेकंड), डिस्कस (43.36मी), पोल वॉल्ट: 4.80मी, भाला फेंक (68.87मी चैंपियनशिप सर्वश्रेष्ठ), और 1500मी (4:28.59 मिनट) शामिल थे।

इन चारों एथलीटों के रिकॉर्ड्स को अब विश्व एथलेटिक्स ने आधिकारिक तौर पर मान्यता दे दी है, जिससे 2025 का साल एथलेटिक्स इतिहास में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Most Popular

To Top