
चेन्नई, 26 जून (Udaipur Kiran) । मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में चल रहे पहले महिला हॉकी इंडिया मास्टर्स कप 2025 में फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा और हॉकी पंजाब ने सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब ब्रॉन्ज मेडल के लिए हॉकी हरियाणा और हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु आमने-सामने होंगी।
ओडिशा ने दमदार प्रदर्शन से फाइनल में बनाई जगह
पहले सेमीफाइनल में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 4-1 से हराया। ओडिशा की कप्तान लुसेला एक्का (4’, 25’) ने दो बेहतरीन फील्ड गोल कर अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। उनके साथ सरिता रोशन मिंज (9’) और असीमा संजय मिंज (30’) ने भी गोल कर जीत को एकतरफा बना दिया। तमिलनाडु की ओर से एकमात्र गोल सौम्या (34’) ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए किया।
पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में हरियाणा को दी मात
दूसरे सेमीफाइनल में हॉकी पंजाब ने बेहद रोमांचक मुकाबले में हॉकी हरियाणा को 3-2 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। हरियाणा की ओर से सोनिका यादव (11’) ने शुरुआती बढ़त दिलाई, लेकिन पंजाब की मीनाक्षी (18’) ने पेनल्टी कॉर्नर से स्कोर बराबर कर दिया। तीसरे क्वार्टर में निशी शिवेंद्र सिंह (38’) ने हरियाणा को दोबारा बढ़त दिलाई, लेकिन पंजाब ने फिर वापसी की। बलजीत कौर मारार (44’) ने पेनल्टी कॉर्नर पर बराबरी का गोल किया और तीन मिनट बाद संगीता मिंज (47’) ने फील्ड गोल कर पंजाब को निर्णायक बढ़त दिला दी।
अब 27 जून को हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा और हॉकी पंजाब के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जबकि हॉकी हरियाणा और हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु के बीच तीसरे स्थान के लिए भिड़ंत होगी।
शुक्रवार, 27 जून 2025 का शेड्यूल:
तीसरे स्थान का मुकाबला: हॉकी हरियाणा बनाम हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु – सुबह 06:00 बजे
फाइनल मुकाबला: हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा बनाम हॉकी पंजाब – दोपहर 02:00 बजे
————–
(Udaipur Kiran) दुबे
