
जबलपुर, 4 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । गढ़ा में शुक्रवार को दुर्गा चल समारोह के दौरान गुलौआ चौक स्थित सेंट्रल बैंक के सामने बनाए गए मंच पर लाइट लगाने टेंट के अस्थाई खंबे गिरने से घायल हुई महिला की उपचार के दौरान शनिवार को
मौत हो गई। इस हादसे में बच्चों, महिलाओं सहित 15 से अधिक लोग घायल हुए थे।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे चल समारोह निकाला जा रहा था। मंच के पास बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। अचानक जोरदार आवाज के साथ ट्रस (खंबे) गिर गई और लोग उसके नीचे दब गए। मौके पर भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोग चीखते-चिल्लाते इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों और समिति के सदस्यों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल श्वेता वर्मा नामक महिला की शनिवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि आयोजन समिति ने मंच निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की थी। लोहे के खंभे मजबूती से नहीं लगाए गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। वही गढा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के अनुसार चल समारोह के दौरान हुए हादसे की जानकारी पर पुलिस पहुंची। जिसमें पता चला है कि एक मंच का हिस्सा गिर गया है। उसमें एक महिला सहित कुछ लोग घायल हो गए हैं। घायल महिला श्वेता वर्मा की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक महिला के बेटे के अलावा अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। मामला पूरा जांच में लिया है दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक
