Chhattisgarh

दीपावली पर्व: गली मोहल्लों में महिलाएं कर रही सुआ नृत्य

सुआ नृत्य प्रस्तुत करती महिलाओं का समूह।

धमतरी, 12 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दीपावली पर्व नजदीक आते ही छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति एक बार फिर जीवंत हो उठी है। शहर और गांवों की गलियों में महिलाओं और स्कूली बच्चों की टोलियां सुआ नृत्य करते हुए देखी जा रही हैं। पारंपरिक गीतों की मधुर धुनों पर झूमती इन टोलियों का स्वागत लोग हर्ष और उल्लास के साथ कर रहे हैं तथा उपहार स्वरूप भेंट भी दे रहे हैं।

दीप पर्व खुशियों का प्रतीक माना जाता है, जिसकी तैयारी पखवाड़ेभर पहले से ही शुरू हो जाती है। इन दिनों अम्बेडकर चौक, रुद्री रोड सहित शहर के विभिन्न इलाकों में सुआ नृत्य की धुनें गूंज रही हैं। नृत्य प्रस्तुत कर रही महिलाओं ने बताया कि हर वर्ष दीपावली से पहले वे पारंपरिक रूप से सुआ नृत्य के लिए निकलती हैं, जिससे इस लोक परंपरा को जीवंत रखा जा सके। 76 वर्षीय जगतनारायण साहू का कहना है कि अब पहले की तुलना में सुआ नाचने वाली टोलियों की संख्या कम हो गई है, लेकिन बच्चों और युवतियों में इस लोकनृत्य को लेकर उत्साह बरकरार है। बच्चे अलग-अलग छत्तीसगढ़ी पारंपरिक गीतों के साथ लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं।

धमतरी शहर के अलावा आसपास के गांवों से भी महिलाएं और युवतियां सुआ नाचने के लिए पहुंच रही हैं। साल के सबसे बड़े त्योहार दीपावली के अवसर पर उन्हें उम्मीद रहती है कि सुआ नृत्य के बदले अधिक भेंट और आशीर्वाद प्राप्त होगा। शहर की दुकानों के अलावा घरों -घर इन दिनों सुआ नृत्य करने वाली महिलाओं की टोली पहुंच रही है। स्कूली बच्चे भी सुआ नाचने पहुंच रहे हैं। छोटे-छोटे बच्चों की टोली सुआ नाचने में व्यस्त है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top