
– महिला कल्याण मंत्री के मुख्य आतिथ्य में महिला उद्यमी सम्मान समारोह हुआ आयोजित
झांसी, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग मंत्री बेबी रानी मौर्य के मुख्य आतिथ्य में महिला उद्यमी सम्मान समारोह-2025 हुनर, हौसला और सफलता का उत्सव कार्यक्रम का आयोजन पंडित दीनदयाल सभागार में किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष, वामाशाह सारथी समिति प्राची चौधरी एवं शिक्षाविद, आकांक्षा बाजपेई विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि ने कहा कि महिलाएं समाज एवं देश के उत्थान में मातृशक्ति का परचम लहरा रहीं हैं।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा 101 महिला उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, इसके साथ ही बलिनी दुग्ध उत्पादन में सहयोग प्रदान करने वाली महिलाओं द्वारा अपने विकासकारी अनुभवों को साझा किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को प्रकाशमान करने में देश के प्रधानमंत्री का विशेष योगदान है। कहा कि प्रत्येक महिला वीरांगना की भांति अपने जीवन में आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना करते हुए समाज एवं देश में विशेष ख्याति प्राप्त करे। आज के समय में महिलाएं समाज एवं देश के उत्थान में मातृशक्ति का परचम लहरा रही हैं, यह हमारे लिए अत्यधिक गर्व की बात है। महिला उद्यमी औद्योगिक क्षेत्र में उन्नति करने के लिए अपने सपनों को साकार करने के लिए दृढ़तापूर्वक प्रयासरत रहें, जिससे आपके सपने पूर्ण हो सकें।
उन्होंने कहा कि जो महिलाएं अपने परिवार के मार्गदर्शन का अनुसरण करती हैं, वह निश्चित रूप से अपने सपनों को सरकार बनाने में सफल होती हैं। विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष वामा सारथी समिति प्राची चौधरी ने बताया कि वामा सारथी एक महिला कल्याण संगठन है, जिसके द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए कार्य किया जाता है, जिससे उनकी समस्याओं का निराकरण किया जा सके, इसके अतिरिक्त हमारी संस्था के नेतृत्व में पुलिस लाइन में परिवार परामर्श केंद्र का भी संचालन किया जाता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को जागरूकता प्रदान करने के लिए बांसुरी का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि हमारे प्रयासों में श्रद्धा, भक्ति, धैर्य एवं लगन का समावेश है तो हम अपने जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। समारोह में अध्यक्ष गौ सेवा आयोग समिति उत्तर प्रदेश श्याम बिहारी गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा महानगर हेमंत परिहार, जिला महामंत्री भाजपा अमित साहू, निदेशक चंद्रशेखर आजाद विज्ञान एवं तकनीकी संस्थान मनीष तिवारी, अध्यक्ष बसेरा ग्रुप वीरेंद्र राय, बलिनी दुग्ध उत्पादन से डा ओपी सिंह सहित अन्य महानुभाव एवं महिला उद्यमी उपस्थित रहीं।
—————
(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया
