
–महिला सशक्तिकरण के लिए निकाली जागरूकता रैली
प्रयागराज, 24 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । जनपद के विकासखंड भगवतपुर में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवब्रत सिंह के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित कम्पोजिट विद्यालय पीपलगांव में मीना कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के साथ केक काटकर मीना का जन्मदिन आज मनाया गया। स्वच्छता थीम पर केंद्रित रैली निकाली गयी। यह रैली पीपल गांव विद्यालय से होकर ट्रिपलआईटी चौराहे से ग्राम सभा शाहपुर तक गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अभियान के माध्यम से सरकार महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है और उन्हें समाज में समान स्थान दिलाने के लिए प्रयासरत है। इस अभियान के पांचवे चरण की शुरुआत हो चुका है, जिसके जरिए महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके अधिकारों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि इस बार मिशन शक्ति की थीम है “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश”। यह अभियान महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है। यह चरण 22 सितम्बर से शुरू होकर 30 दिनों तक चलेगा। इस दौरान अधिकारी गांवों और वार्डों में जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक व संवाद करेंगे।
इसी प्रकार कम्पोजिट विद्यालय असरावे कला के बच्चों ने महिला सशक्तिकरण विषय पर जागरूकता रैली, संगोष्ठी का आयोजन किया। कम्पोजिट विद्यालय घोसी जलालपुर के बच्चों ने महिला स्वावलम्बन विषय पर केंद्रित रैली का आयोजन किया। रैली में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बच्चे हाथ में इन विषयों से सम्बंधित बैनर, झंडी आदि लिए थे।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
