
प्रयागराज, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को और मजबूत करना है। यह बात रविवार को प्रयागराज पुलिस लाइंस में मिशन शक्ति का शुभारम्भ करते हुए नवनियुक्त मंडलायुक्त प्रयागराज सौम्या अग्रवाल ने कहा।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 — सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई उड़ान। मिशन शक्ति 5.0 : नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की नई उड़ान – प्रयागराज से उठी महिला शक्ति की गूंज|
प्रयागराज कमिश्नरेट में स्थित रिर्जव पुलिस लाइन्स से शक्ति 5.0 रैली के पंचम चरण का भव्य आगाज़ हुआ। इस रैली प्रयागराज मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त प्रयागराज जोगेन्द्र कुमार और जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मिशन का उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को और मजबूत करना है। इसी कड़ी में महिला पुलिस कर्मियों की यह रैली पूरे शहर में जागरूकता और विश्वास का संदेश लेकर निकली।
रैली में महिला पुलिस कर्मी शामिल हुईं। इनके साथ पीआरवी डायल 112, इंटरसेप्टर, वार्निंग कार, टेल कार, जिप्सी और एम्बुलेंस की प्रभावशाली फ्लीट भी सम्मिलित रही। रैली ने शहर क्षेत्र में लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय की, जिससे प्रयागराज की सड़कों पर महिला शक्ति और सुरक्षा का अनूठा संदेश गूंजता रहा।
इस रैली में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) एन. कोलांची, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था अजय पाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) पंकज, अपर पुलिस उपायुक्त (नगर) पुष्कर वर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त (लाइंस) राजकुमार मीना, सहायक पुलिस आयुक्त कृतिका शुक्ला, एवं प्रतिसार निरीक्षक सहित अनेक पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह रैली सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि मिशन शक्ति 5.0 की उस नई शुरुआत का प्रतीक है, जो हर बेटी को सुरक्षित वातावरण और हर महिला को आत्मनिर्भर पहचान देने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल
