Uttar Pradesh

महिलाओं की भागीदारी से सशक्त होगा संगठन और आत्मनिर्भर बनेगा भारत : धर्मपाल सिंह

सम्बोधित करते धर्मपाल सिंह

–नारी शक्ति से राष्ट्र शक्ति का संकल्प साकार करेगी भाजपा महिला मोर्चा : धर्मपाल सिंह–महिला कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की रीढ़ : दिलीप पटेलप्रयागराज, 12 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को यमुनापार स्थित नैनी में आयोजित आत्मनिर्भर भारत अभियान-काशी क्षेत्र कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही संगठन सशक्त होगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा।

उन्होंने कहा कि महिलाएं घर की नींव भी हैं और राष्ट्र की धुरी भी। मातृशक्ति की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी से ही अन्त्योदय की अवधारणा मूर्त रूप लेगी। प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को नेतृत्व का मार्ग मिला है। संगठन में महिलाओं की जिम्मेदारी और भागीदारी बढ़े, इसके लिए बड़ी संख्या में महिला नेतृत्व तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, शौचालय, हर घर नल से जल, मुद्रा योजना, जनधन जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन को सुगम, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाया है।

उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर महिलाओं की भूमिका को व्यापक और प्रभावी बनाना आवश्यक है। बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक महिला कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर संवाद की श्रृंखला स्थापित की जानी चाहिए। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनान्दोलन बनेगा और भारत स्वदेशी के मंत्र से स्वाभिमानी व आत्मनिर्भर बनकर विश्व का नेतृत्व करेगा।

काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की रीढ़ है। आत्मनिर्भर भारत का वास्तविक स्वरूप तभी संभव है जब मातृशक्ति हर क्षेत्र में नेतृत्व करे। इस दौरान विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता काशी क्षेत्र महिला मोर्चा अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने तथा संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने किया। मीडिया प्रभारी ने बताया कि कार्यशाला में यमुनापार महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सविता शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top