Uttar Pradesh

लोस चुनाव : श्रावस्ती में कमल खिलेगा या खुलेगा सपा की जीत का खाता!

लोस चुनाव : श्रावस्ती में कमल खिलेगा या खुलेगा सपा की जीत का खाता!

लखनऊ, 24 मई (Udaipur Kiran) । श्रावस्ती को बौद्ध नगरी के नाम से दुनियाभर में विशेष रूप से पहचाना जाता है। श्रावस्ती संसदीय सीट 2009 में अस्तित्व में आई। इससे पहले ये सीट बलरामपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा थी। इस सीट पर अब तक हुए तीन चुनाव में कांग्रेस, बसपा और भाजपा 1-1 बार जीत दर्ज करा चुके हैं। हालांकि इस सीट पर अब तक समाजवादी पार्टी का खाता नहीं खुला है। बता दें, सपा इस सीट पर दूसरे और तीसरे नंबर की पार्टी रही है।

2009 के चुनाव में तीसरे नंबर पर सपा

15वीं लोकसभा के लिए 2009 में हुए चुनाव में श्रावस्ती सीट पर पहला चुनाव हुआ। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार पांडेय उर्फ बिन्नू ने विजय हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार को 201,556 वोट मिले। वहीं दूसरे स्थान पर रहे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी रिजवान जहीर को 159,527 वोट हासिल किये। सपा प्रत्याशी रुबाब सईदा तीसरे स्थान पर रही। रुबाब सईदा को 111,247 वोट मिले। इस चुनाव में

2014 में दूसरे स्थान पर रही साइकिल

2014 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्रा ने 85 हजार से वोटों के अंतर से जीत हासिल की। दद्दन मिश्रा के खाते में 345,964 (35.30%) वोट आए। सपा प्रत्याशी अतीक अहमद 260,051 (26.53%) वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। बसपा के लाल जी वर्मा 194,890 (19.88%) वोटों से तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार पांडेय पांचवें स्थान पर रहे।

2019 में सपा-बसपा गठबंधन में बसपा थी मैदान में

2019 के लोकसभा चुनाव में श्रावस्ती संसदीय सीट पर बसपा के राम शिरोमणि वर्मा और भाजपा के दद्दन मिश्रा के बीच मुकाबला हुआ था। सपा और बसपा के बीच चुनावी गठबंधन था। ये सीट बसपा के खाते में आई थी। राम शिरोमणि कड़े मुकाबले में मात्र 5320 वोटों के अंतर से जीते। राम शिरोमणि ने 441,771 (44.3%)वोट हासिल किए जबकि दद्दन मिश्रा के खाते में 436,451 (43.77%) वोट आए। जबकि कांग्रेस के धीरेंद्र प्रताप सिंह तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें 58,042 (5.82%) वोट ही मिले।

2024 के चुनाव का हाल

18वीं लोकसभा के चुनाव में सपा-कांग्रेस का गठबंधन है। ये सीट सपा के खाते में है। बसपा अकेले मैदान में है। भाजपा ने उप्र विधान परिषद के सदस्य साकेत मिश्र को मैदान में उतारा है। बसपा से मुईनुद्दीन अहमद खां उर्फ हाजी दद्दन खां मैदान में हैं। तो वहीं सपा से मौजूदा सांसद राम शिरोमणि वर्मा मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। राम शिरोमणि वर्मा ने पिछला चुनाव बसपा की टिकट पर जीता था। इस बार वो सपा के निशान पर मैदान में हैं। इस सीट पर भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर है। यह देखना अहम होगा कि सपा को यहां पहली जीत हासिल होगी या फिर भाजपा का कमल खिलेगा।

(Udaipur Kiran) / डॉ. आशीष वशिष्ठ/मोहित

Most Popular

To Top