
संभल, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में संभल जिले के बहजोई थाना पुलिस ने शनिवार को एक महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया हैं। आरोप है कि महिला ने प्रेमी संग मिलकर अपने पति की हत्या की हैं। बाद में इसे आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया था।
थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि यह घटना बहजोई थाना क्षेत्र के पंवासा गांव की है। यहां रहने वाले पूरन सिंह कठेरिया (54) की पत्नी
विनोद देवी का गांव के ही राशन डीलर श्याम सिंह से कई वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी जब पति को हुई तो उसने आपत्ति जताया। दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। इस बीच पत्नी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 17 नवंबर को विनोद देवी ने प्रेमी श्याम सिंह से मिलकर पति पूरन सिंह की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद किसी को शक न हो इसके लिए शव को कमरे में फांसी के फंदे से लटका दिया था।
घटना की जानकारी पर बहजोई थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। इस दौरान, आरोपित पत्नी विनोद देवी ने पोस्टमार्टम न कराने की मांग करते हुए खुद को कमरे में बंद कर आत्महत्या की धमकी दी। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। 20 नवंबर को मृतक के बेटे सुमित प्रताप सिंह उर्फ कन्हैया की शिकायत पर पुलिस ने मां विनोद देवी और उसके प्रेमी श्याम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपित महिला ने बताया कि पति पूरन सिंह एक प्राइवेट बस कंडक्टर थे। घटना के दिन 17 नवंबर को उनकी बहन बेटे की शादी का न्योता देने घर आई थी और उसके जाने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया।
थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की हैं। हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं।————
(Udaipur Kiran) / Nitin Sagar