
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को पत्रकार सम्मेलन में कहा कि भाजपा सरकार द्वारा यमुना किनारे प्रकृतिक छठ पूजा घाटों के विकास पर आम आदमी पार्टी (आआपा) को इतनी आपत्ति क्यों है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली वालों ने हास्यास्पद रूप से आआपा के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज को यमुना किनारे वासुदेव घाट की साफ सफाई के साथ ही वहां स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर आपत्ति करते देखा।
सचदेवा ने कहा कि हमने देश में अनेक बार विपक्ष को विकास अभाव एवं पूजा स्थलों पर गंदगी पर आपत्ति करते देखा है पर सौरभ भारद्वाज ने आज यमुना किनारे से जो लाइव वीडियो जारी कर यमुना सफाई पर आपत्ति करने का जो नाटक किया वह पहला ऐसा राजनीतिक प्रपंच था जहां विपक्षी दल को सरकार द्वारा सफाई स्वच्छता सुनिश्चित करने पर आपत्ति है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आआपा संयोजक अरविंद केजरीवाल सरकार को बिहार समाज के लोगों के प्रति राजनीतिक दूष था और उसी के चलते केजरीवाल ने 2018 से 2024 तक बिना किसी लिखित न्यायिक या प्रशासनिक आपत्ति के यमुना किनारे छठ के पूजा-पाठ पर रोक लगाई। उन्होंने कहा कि आज जब रेखा गुप्ता सरकार ने मात्र आठ माह में यमुना की बेसिक सफाई पूरी कर छठ व्रतियों को प्रकृतिक घाट उपलब्ध करवाएं हैं तो अब वह हाहाकार मचा रहे हैं।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली का बिहार समाज आज आआपा नेतृत्व से दो सीधे सवाल पूछना चाहता है ?
आआपा सरकार ने किस प्रशासनिक आधार पर 2018 से 2024 तक दिल्ली में यमुना किनारे छठ पूजा पर रोक लगाई थी ?, आआपा नेतृत्व बताए की आखिर उन्हें रेखा गुप्ता सरकार के द्वारा यमुना घाटों पर सफाई एवं स्वच्छ जल सुनिश्चित करने पर आपत्ति क्यों है ?
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव