
शिमला, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद अब ठंड का असर बढ़ने लगा है। लाहौल-स्पीति जिला में भीषण ठंड पड़ रही है और तापमान माइनस में पहुंच गया है। शुक्रवार को स्पीति घाटी के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे न्यूनतम तापमान है। इसी के साथ प्रदेश के अन्य ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में भी तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। बीते दिनों हुई बर्फबारी से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
हालांकि राहत की बात यह है कि शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य और साफ बना हुआ है। राजधानी शिमला में सुबह से धूप खिली है, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में आगामी 30 अक्तूबर तक मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान किसी भी क्षेत्र में वर्षा या बर्फबारी की संभावना नहीं है।
मंडी जिला के सुंदरनगर और बिलासपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। वहीं मैदानों में रातें ठंडी और दिन सुहावने बने हुए हैं। वहीं, पर्वतीय इलाकों में अब धीरे-धीरे सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही लोगों ने हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को दर्ज तापमान के अनुसार सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 8.5, कल्पा में 3.1, धर्मशाला में 12.1, ऊना में 11.4, नाहन में 18, पालमपुर में 10.5, सोलन में 10, मनाली में 5.4, कुफ़री में 8.1, कुकुमसेरी में 1, नारकंडा में 4.2, हमीरपुर में 11.7, मंडी में 12.5 और कांगड़ा में 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान और गिरने की संभावना है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ेगी। हालांकि दिन के तापमान में खास बदलाव नहीं आएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा