HimachalPradesh

लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना कांग्रेस की पुरानी आदत : विश्व चक्षु

विश्वचक्षु।

धर्मशाला, 29 अगस्त (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश भाजपा सह-मीडिया प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की यह साजिश नई नहीं, बल्कि कांग्रेस की पुरानी आदत है, जिसका शिकार अब चुनाव आयोग को बनाया गया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर झूठे आरोप लगाते हैं और जब उनसे सबूत मांगे जाते हैं तो पीछे हट जाते हैं।

शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि जनता सच्चाई और ताकत के साथ खड़ी है, जबकि राहुल गांधी अराजकता और झूठ का मॉडल पेश कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में फर्जी वोटिंग की याचिका खारिज कर दी, जिसे भाजपा ने कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश बताया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद भ्रष्टाचार मामलों में जमानत पर हैं, इसलिए उन्हें सरकारी संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप नहीं लगाने चाहिए। झूठ फैलाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की गई और चुनाव आयोग की साख पर सवाल उठाए गए। उन्होंने कहा कि इस झूठ की जिम्मेदारी कौन लेगा और क्या राहुल गांधी इसके लिए देश से माफी मांगेंगे। बिहार के पटना में घटी घटना को चक्षु ने कांग्रेस की गुडागर्दी बताया है तथा कहा कि कांग्रेस देश में आराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है मगर वे अपनी इस नापाक कोशिश में कभी कामयाब नहीं होगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता सच्चाई को समझती है और इस तरह की साजिशों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस ने असली मतदाताओं को नकली बताकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने की कोशिश की।

प्रधानमंत्री और उनकी स्वर्गीय मां के खिलाफ टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण

विश्व चक्षु ने बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय मां के खिलाफ टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस गाली-गलोच वाली पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस ने लोकतंत्र को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी यात्रा में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग की रही है, यह दुख और क्षोभ का विषय है।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top