
-प्रदेश सरकार में मंत्री का विधानसभा क्षेत्र है बदहाल: राजेश यादव
-आरोप, अधिकारी, ठेकेदार व भाजपा के जनप्रतिनिधि मचा रहे लूट
गुरुग्राम, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश यादव ने बादशाहपुर में बदहाली के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि प्रदेश मंत्री का यह हल्का विकास को तरस रहा है। पूरे विधानसभा क्षेत्र बदहाल है। भाजपा के 11 साल के राज में प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा बादशाहपुर के हालात बद से बदतर हो चुके हैं।
कांग्रेस नेता राजेश यादव ने कहा कि पिछले एक साल से यहां के विधायक सरकार में मंत्री है, लेकिन उनके राज में बादशाहपुर विधानसभा के सबसे बड़े गांव बादशाहपुर के सभी मुख्य रास्तों पर पिछले एक साल से सीवर ओवरफलो के कारण भारी जलभराव हो रहा है। गांव के टीकली रोड, नूरपुर मोड़ पर एक साल से भर रहे सीवर के पानी में बैठकर धरना दिया। राजेश ने कहा कि नगरनिगम के नकारा व भ्रष्ट अफसरों, ठेकेदारों व क्षेत्र के भाजपा जनप्रतिनिधियों के गठजोड़ से निगम का खजाना साफ किया जा रहा है, लेकिन क्षेत्र को बदहाल किया जा रहा है। राजेश यादव ने कहा कि बादशाहपुर में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार है। यहां के वार्ड नंबर-18 से विधायक व मंत्री की मुंहबोली पुत्रवधु भाजपा पार्षद है। इसके बावजूद गांव व वार्ड नंबर-18 की दुर्दशा हो रही है।
गांव के मुख्य रास्तों की सारी सीवर लाईनें ओवरफलो हो रही है। वार्ड के अंतर्गत गांव बादशाहपुर, नूरपुर, दरबारीपुर व रामगढ़ ढाणी में पिछले 11 साल में नगर निगम द्वारा लगभग 100 करोड़ रुपया खर्च करना बताया गया। जिसका अधिकांश भाग 2014 से 2019 तक खर्च किया गया। उस समय भी बादशाहपुर के विधायक राव नरबीर सिंह थे। राजेश यादव ने कहा कि भाजपा के 11 साल में वार्ड में निगम द्वारा खर्च किए गए 100 करोड़ रुपयों में अधिकतर पैसा मंत्री के चहेतों, ठेकेदारों व अफसरों की जेब में चला गया। क्षेत्र के हालात देखकर लगता है कि भाजपा के राज में एक रुपये में से 75 पैसा भाजपाई खा गए। जिस कारण आज वार्ड व गांव के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।
(Udaipur Kiran)