Uttar Pradesh

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जालौन के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया

हवाई सर्वे करते मंत्री

जालाैन, 03 अगस्त (Udaipur Kiran) । प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को जालौन जिले के उरई में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पीड़ितों की स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की।

बता दें कि स्वतंत्र देव सिंह रविवार को पुलिस लाइन मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरे। इसके बाद, उन्होंने डीएम राजेश कुमार पांडे और एसपी दुर्गेश कुमार के साथ बैठक कर बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुँचाई जाए और उनके लिए सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था की जाए। बैठक के बाद, मंत्री ने डीएम और एसपी के साथ सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों रामपुरा और कालपी का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री के वितरण का अवलोकन किया।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावितों को भोजन, पेयजल और दवाइयों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जाए। नुकसान का आंकलन कर मुआवजे का वितरण शीघ्र किया जाए। वहीं, रामपुरा के निवासियों ने बताया कि बाढ़ के कारण उनके घर और खेत डूब गए हैं। उन्होंने सरकार से त्वरित मदद की माँग की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल कुमार वर्मा

Most Popular

To Top