
रांची, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए गए वोट चोर गद्दी छोड़ो हस्ताक्षर अभियान शनिवार को संपन्न हुआ। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में राज्य के सभी जिलों से निर्धारित लक्ष्य 25 लाख के लगभग हस्ताक्षर फॉर्म प्राप्त हुए, रविवार को शेष जिलों से हस्ताक्षर फॉर्म प्राप्त किये जाएंगे।
यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में दी।
मौके पर उन्होंंने अभियान में सहभागिता के लिए सभी कांग्रेसजनों, पदाधिकारी और संगठन के प्रकोष्ठों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का प्रतीक है।
झारखंड के कांग्रेसजनों ने जिस एकजुटता और समर्पण की मिसाल पेश की है, उसने जनता के विश्वास को और मजबूत किया है। यह हमारी सामूहिक चेतना का प्रमाण है कि लोकतंत्र पर कोई भी आंच नहीं आने देंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के हालिया खुलासे ने यह सिद्ध कर दिया है कि देश के चुनावों में संगठित रूप से दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
वोट चोरी के खिलाफ
15 सितंबर से 25 अक्टूबर तक चला अभियान
जनजागरण के तहत झारखंड में 15 सितंबर से 25 अक्टूबर तक प्रत्येक जिले और पंचायत स्तर पर अभियान चलाया गया। इस दौरान जनता को बताया गया कि किस प्रकार चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध रही है और किसके इशारे पर मतदाता सूचियों में हेराफेरी की जा रही है। कमलेश ने कहा कि भारत का लोकतंत्र वोट की शक्ति पर टिका है और आज यही नींव खतरे में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पहले महादेवपुरा और अब कर्नाटक के आलंद में हुए खुलासों से देश की जनता निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया को लेकर सशंकित है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त की अगुवाई में वोट चोरी हो रही है और जब कांग्रेस जवाब मांगती है तो भाजपा नेता छटपटाहट में बचकाने बयान देकर सच्चाई छिपाने की कोशिश करते हैं।
फार्म जमा करने में कांग्रेस के विधायक प्रदीप यादव, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, बंधु तिर्की, निशात आलम, भूषण बाड़ा, जिला अध्यक्ष सतीश केडिया, चंदेश्वर गोप, बरकत खान, यहिया सिद्दीकी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने फॉर्म जमा कराने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
