Uttrakhand

स्वयंसेवकों ने पथ संचलन कर संगठित होकर आगे बढ़ने का दिया संदेश

मुख्य वक्ता संजय के विचाराें काे सुनते स्वयंसेवक।

देहरादून, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शाताब्दी वर्ष पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देहरादून में मानक सिद्ध नगर की बड़ोवाला बस्ती में मंगलवार को पथ संचलन निकाला गया। स्थानीय लोगों ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। पूर्ण गणवेश में 110 स्वयंसेवकों ने पथ संचलन में संगठित होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद स्कूल बड़ोवाला के परिसर में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय ने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर हिन्दू समाज के पुनर्जागरण के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान श्रीराम ने अपने पिता के वचनों का पालन करते हुए वन गमन का आदेश निष्ठा और आज्ञाकारिता के साथ स्वीकार किया, वैसे ही हमें भी अपने कर्तव्यों का पालन राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा से करना चाहिए।

उन्हाेंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने जब गोवर्धन पर्वत उठाया, तब उनके पास स्वयं शक्ति होते हुए भी उन्होंने गोकुलवासियों को साथ लेकर यह कार्य किया। उनका संदेश है कि सामूहिक प्रयास से ही बड़ा कार्य संभव होता है। प्रांत प्रचार प्रमुख संजय ने कहा कि संघ भी इसी भावना से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र के उत्थान के लिए सतत कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत यदि शक्तिशाली बनेगा, तो समूचे विश्व में शांति की स्थापना होगी, क्योंकि विश्व का संतुलन और शांति भारत की आध्यात्मिक शक्ति पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य किसी विशेष वर्ग या व्यक्ति का नहीं, बल्कि समग्र समाज के उत्थान और राष्ट्र के पुनर्निर्माण का है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे संघ की शाखाओं में भाग लेकर चरित्र निर्माण, संगठन, और राष्ट्र सेवा के इस अभियान का हिस्सा बनें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र बसेड़ा ने की। कार्यक्रम में विभाग सह कार्यवाह अरुण शर्मा, महानगर प्रचार प्रमुख मनीष बागड़ी, हेमंत उपाध्याय और नगर कार्यवाह राकेश नैनवाल आदि मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल

Most Popular

To Top