
– राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन सम्पन्न
प्रयागराज, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने यमुनोत्री बस्ती, राजर्षि नगर भाग नैनी की ओर से सोमवार को विजयदशमी पर्व के अवसर पर भव्य पथ संचलन का आयोजन किया। नगर के सैकड़ों प्रशिक्षित स्वयंसेवक परम्परागत गणवेश में घोष और बैंड की धुन पर अनुशासित कदमताल करते हुए आगे बढ़े।
यह पथ संचलन मड़ौका रोड से प्रारम्भ होकर राष्ट्रीय रीवा राजमार्ग तक फैला दिखाई दिया। मार्ग में जगह-जगह पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। इस दौरान वातावरण में देशभक्ति और उत्साह का विशेष संचार देखने को मिला।
कार्यक्रम के बौद्धिक में सहभाग संघचालक दिनेश ने संघ परिवार की वर्तमान संकल्पनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज जीवन में संघ की भूमिका और उसकी दूरदर्शी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के युग में हर स्वयंसेवक को पंच परिवर्तन- स्वदेशी अपनाना, नागरिक कर्तव्यों का पालन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और कुटुम्ब प्रबोधन को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों के माध्यम से ही एक सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में नगर कार्यवाह नीरज ने मार्गदर्शन प्रदान किया, जबकि नगर विस्तारक ऋषि ने स्वयंसेवकों को संघ के अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीकात्मक स्वरूप प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम संचालन के उपरांत बस्ती प्रमुख डॉ.मणि शंकर द्विवेदी ने सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघ का यह पथ संचलन समाज में संगठन, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना का सशक्त संदेश देता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणवेश में स्वयंसेवकों की उपस्थिति ने विजयदशमी पर्व को राष्ट्र समर्पण के भाव से ओत-प्रोत बना दिया।
इस अवसर पर जेपी चौबे, प्रभात शुक्ल, एम पी सिंह, आर.पी. सिंह, विनय शुक्ल, डॉ मधुकराचार्य त्रिपाठी, कमल कुमार, हरनाम सिंह, दिनेश यादव आदि लोग शामिल रहे l
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
