Uttar Pradesh

शताब्दी वर्ष में घर-घर जाएंगे स्वयंसेवक : प्रांत प्रचारक

स्वयंसेवकों को संबोधित करते प्रांत प्रचारक कौशल
प्रार्थना करते स्वयंसेवक

पंच परिवर्तन के लिए वर्ष भर चलाया जाएगा जन जागरण अभियान

बहराइच, 10 अक्टूबर (हि स)। बहराइच खंड के महसी मंडल स्थित एरिया के रामलीला मैदान में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में पथ संचलन निकाला गया। उक्त कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत के प्रांत प्रचारक कौशल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक मंडल , प्रत्येक ग्राम पंचायत और प्रत्येक घर में संघ के कार्यकर्ता जाएंगे और संघ के शताब्दी वर्ष के विषय में जानकारी देंगे।

उन्होंने कहा कि सामर्थ्यवान राष्ट्र के रूप में भारत को परम वैभव पर ले जाने हेतु संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार ने सन 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्य प्रारंभ किया। डॉ. साहब ने व्यक्तित्व निर्माण की एक अद्वितीय कार्य पद्धति विकसित की जो हमारी सनातन परंपराओं और मूल्यों के परिपेक्ष्य में राष्ट्र निर्माण का तप बन गया। हमारा सौभाग्य है कि हम इस पवित्र कार्य के एक घटक हैं। हमारे लिए यह भी गौरव की बात है कि हम सभी शताब्दी वर्ष के साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर के मध्य मंडल बस्ती स्तर पर विजयादशमी कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है इसमें संघ के सभी स्वयंसेवक पूरी तन्मयता के साथ सहभागिता कर रहे हैं। इसके उपरांत 5 नवंबर से 16 नवंबर के मध्य सामाजिक सद्भाव की बैठक आयोजित होगी सामाजिक सद्भाव की बैठकों का मुख्य उद्देश्य है-समाज परस्पर सहयोगी बने, सभी मिलकर समाज के प्रश्नों का समाधान करें, सामाजिक नेतृत्व विकसित हो, समाज की कमियां दूर हों तथा वह सक्षम बने। इसके लिए प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 20 नवंबर से 21 दिसंबर 2025 तक विश्व का सबसे बड़ा ग्रह संपर्क अभियान संचालित होगा तथा अवध प्रांत के 40 लाख घरों में संपर्क होगा। इस महा संपर्क अभियान में 80000 कार्यकर्ता, 20000 टोलियों द्वारा एक माह तक व्यापक गृह संपर्क के माध्यम से समाज में संघ के विचार कार्य और उद्देश्य को व्यक्तिगत संवाद के द्वारा पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक लगातार समाज में जाकर कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता, पर्यावरण एवं स्व भाव के जागरण तथा नागरिक कर्तव्य के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं जिसका सुखद परिणाम भी दिखाई पड़ रहा है।

कार्यक्रम में अध्यक्ष के रूप में लोकतंत्र रक्षक सेनानी पूर्व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मिथिलेश रहे। कार्यक्रम का संचालन महसी खंड के खंड कार्यवाह टीकाराम ने किया। जिला प्रचारक अजय , जिला कार्यवाह भूपेंद्र , सह जिला कार्यवाह अंकुश , हनुमान प्रसाद , प्रवीण ,माया राम शास्त्री, खंड संघ चालक महसी , बृजेंद , जिला प्रचार प्रमुख विपिन, अखंड प्रताप सिंह सहित विचार परिवार से जुड़े हुए पदाधिकारी एवं काफी संख्या में स्वयंसेवक बंधु कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top